जन शिक्षा केंद्र स्तरीय मोगली उत्सव प्रतियोगिता 2025 संपन्न

– बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, विजेता हुए सम्मानित
देवास। जन शिक्षा केंद्र शासकीय श्री नारायण विद्या मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1 के अंतर्गत संचालित शासकीय प्राथमिक व माध्यमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने वर्ष 2025 के मोगली उत्सव में उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
निबंध लेखन प्रतियोगिता में सफलता प्राप्त कर बच्चों ने न केवल अपनी रचनात्मकता को उजागर किया, बल्कि आगामी ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता हेतु स्थान भी बनाया।
विद्यालय से लेकर केंद्र स्तर तक हुआ चयन-
जनशिक्षक सहज सरकार ने जानकारी देते हुए बताया कि कक्षा 5वीं से 8वीं तक अध्ययनरत छात्र-छात्राओं की विद्यालय स्तरीय प्रतियोगिताएं विगत दिवस संपन्न हुईं। प्रत्येक विद्यालय से एक बालक एवं एक बालिका का चयन केंद्र स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। मंगलवार दोपहर 2 बजे जनशिक्षा केंद्र कार्यालय परिसर में आयोजित इस प्रतियोगिता में कुल 20 चयनित छात्र-छात्राओं ने भागीदारी की।

विजेता छात्र-छात्राएं-
निबंध प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता हेतु चयनित अभिषेक सोलंकी, कक्षा 8वीं, शासकीय पीएमश्री माध्यमिक विद्यालय, सिया। शिफा खान, कक्षा 8वीं, शासकीय माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1, आलोट पाएगा देवास। बबीता जाटवा, कक्षा 8वीं, शासकीय माध्यमिक विद्यालय, अमरपुरा। अमन पटेल, कक्षा 8वीं, शासकीय माध्यमिक विद्यालय, राजोदा रहे।
मुख्य अतिथि व निर्णायक मंडल-
प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि पूर्व जिला क्रीड़ा अधिकारी एवं समाजसेवी अभिमन्यु यादव तथा विशेष अतिथि संकुल प्राचार्य के.के. मिश्रा रहे। उन्होंने छात्र-छात्राओं को आशीर्वचन देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को सदैव शैक्षिक गतिविधियों में अग्रणी रहना चाहिए, नियमित विद्यालय आना चाहिए और अध्ययन में निरंतरता बनाए रखनी चाहिए।

प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका शिक्षक इंदरसिंह बेसवाल, जितेंद्रसिंह ठाकुर व विक्रमसिंह मालवीय ने निभाई। वहीं आयोजन को सफल बनाने में शिक्षक प्रकाश वर्मा, भरतदास बैरागी, जहाआरा खान एवं वंदना देशमुख का विशेष योगदान रहा।
सभी प्रतिभागियों हेतु स्वल्पाहार की व्यवस्था मुख्य अतिथि अभिमन्यु यादव द्वारा की गई। उन्होंने बच्चों के प्रति अपनी सेवाएं निरंतर बनाए रखने का संकल्प भी जताया। अंत में जनशिक्षक सहज सरकार ने सभी अतिथियों, निर्णायकों एवं सहयोगी शिक्षकों का आभार व्यक्त किया।




