आबकारी विभाग ने बागली वृत्त में चार पहिया वाहन से देशी/विदेशी शराब बरामद

देवास। कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देशानुसार देवास जिले में आबकारी विभाग द्वारा अवैध शराब संग्रहण, परिवहन एवं विक्रय के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी कड़ी में आबकारी विभाग के दल ने आयुक्त मंदाकिनी दीक्षित के मार्गदर्शन में आबकारी वृत्त बागली में अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन एवं विक्रय करने पर कार्रवाई की। बुधवार देर रात्रि मुखबिर की सूचना के आधार पर पुंजापुरा बागली घाट मार्ग पर चार पहिया वाहन का पीछा किया गया। कार्रवाई के दौरान वाहन चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। वाहन की तलाशी लेने पर 15 पेटी देशी/विदेशी शराब (बीयर) कुल 150 बल्क लीटर बरामद की गई, जिसके विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) एवं 34(2) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। जब्त शराब एवं वाहन का बाजार मूल्य लगभग 5 लाख 52 हजार रुपए है।
कार्रवाई में वृत्त प्रभारी आबकारी उपनिरीक्षक डीपी सिंह, आबकारी आरक्षक राजेश जोशी, सुरेन्द्र वरसी एवं गीतेश शामिल थे। आबकारी विभाग द्वारा जिले में इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




