महापौर ने नववर्ष पर शहरवासियों को दी शुभकामनाएं

देवास। चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के शुभ अवसर पर, गुड़ी पड़वा, चैत्र नवरात्रि एवं चेटी चंड जैसे पावन पर्वों पर महापौर गीता दुर्गेश अग्रवाल, सभापति रवि जैन, विधायक एवं महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल ने शहरवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई प्रेषित की है।
महापौर श्रीमती अग्रवाल ने अपने संदेश में कहा, कि नव संवत्सर भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं का प्रतीक है। यह नवीन ऊर्जा, उत्साह एवं सकारात्मकता का संदेश लेकर आता है। चैत्र नवरात्रि का शुभारंभ भी इसी दिन से होता है, जो मां दुर्गा की उपासना और शक्ति साधना का पर्व है। उन्होंने कामना की, कि यह नववर्ष समस्त नगरवासियों के जीवन में सुख, समृद्धि एवं सफलता लेकर आए।
सभापति रवि जैन ने कहा, कि गुड़ी पड़वा और चेटी चंड नए संकल्पों का पर्व है। यह दिन हमें अपने जीवन में सद्गुणों, आदर्शों और सकारात्मक विचारों को अपनाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने नगर के सभी नागरिकों के स्वस्थ, समृद्ध और खुशहाल जीवन की कामना की।
विधायक एवं महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल ने कहा, कि भारतीय संस्कृति में नव संवत्सर का विशेष महत्व है। यह न केवल नए वर्ष की शुरुआत का प्रतीक है, बल्कि इसे सत्कर्म, अध्यात्म और नई संभावनाओं का द्वार भी माना जाता है। उन्होंने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि नगर के विकास एवं स्वच्छता में सहयोग करें।
महापौर एवं जनप्रतिनिधियों ने शहरवासियों से आह्वान किया कि इस नए वर्ष को स्वच्छ, स्वस्थ एवं संस्कारों से समृद्ध बनाने का संकल्प लें। उन्होंने माता रानी से प्रार्थना की कि यह नववर्ष देवास नगर एवं संपूर्ण प्रदेश के लिए उन्नति, शांति और खुशहाली लेकर आए।




