गंदगी से परेशान अर्जुन नगर के रहवासी, शिवसेना जिलाध्यक्ष ने निगम को लिखा पत्र

देवास। शहर के अर्जुन नगर वार्ड क्रमांक 6 में फैली गंदगी से स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शिवजी एवं शीतला माता मंदिर के पास स्थित सीवरेज चैंबर से गंदगी बाहर आने के कारण आसपास का वातावरण दूषित हो गया है।
इस संबंध में शिवसेना जिलाध्यक्ष सुनील वर्मा ने नगर निगम उपायुक्त को पत्र लिखकर तत्काल समस्या समाधान की मांग की है। उन्होंने पत्र में उल्लेख किया, कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर इसी स्थान पर झंडावंदन का आयोजन किया गया था। उस दौरान अतिथियों को शहर की स्वच्छता व्यवस्था देखकर गर्व होना चाहिए था, लेकिन यहां फैली गंदगी से उन्हें निराशा हुई।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि लंबे समय से इस क्षेत्र में सीवरेज की समस्या बनी हुई है। कई बार शिकायतें करने के बावजूद कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ। शिवसेना जिलाध्यक्ष वर्मा ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही सफाई नहीं की गई तो नागरिकों को आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा।



