देवास में ‘’सुगम्य यात्रा’’ के तहत दिव्यांगजनों को शहर भ्रमण कराया

देवास। उप संचालक सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग संगीता यादव ने बताया कि भारत सरकार एवं मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार जिला प्रशासन तथा सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग देवास द्वारा सुगम्य यात्रा अन्तर्गत दिव्यांगजनों को सुगम्य शहर भ्रमण कराया गया।
सुगम्य यात्रा का शुभारम्भ मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत हिमांशु प्रजापति ने जिला पंचायत परिसर से हरी झण्डी दिखाकर किया।
सुगम्य यात्रा जिला पंचायत से होकर मल्हार स्मृति मंदिर परिसर से सार्वजनिक लायब्रेरी (वरिष्ठ नागरिक भवन) होते हुये जिला अस्पताल एमजी रोड देवास पहुंची, जहां दिव्यांगजनों ने दिव्यांग प्रमाण-पत्र, यूडीआईडी कार्ड बनने की प्रक्रिया एवं राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) शाखा का भ्रमण किया।
इसके बाद यात्रा धार्मिक स्थल कैलादेवी मंदिर पहुंची, जहां सभी दिव्यांगजनों को मंदिर परिसर का भ्रमण कराया गया एवं कैलादेवी माताजी की आरती दिव्यांगजनों से करवाई गई। इसके पश्चात यात्रा जिला न्यायालय परिसर पहुंची, जहां पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय प्रकाश मिश्रा एवं सचिव विधिक सेवा प्राधिकरण देवास रोहित श्रीवास्तव की अध्यक्षता में यात्रा का समापन हुआ।
सुगम्य यात्रा समापन अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय प्रकाश मिश्रा ने कहा कि दिव्यांगजन दिव्य कला का केन्द्र एवं ईमानदार होते है। साथ ही दिव्यांगजनों द्वारा किये गये प्रश्नों के उत्तर दिये जाने के साथ-साथ न्यायालयीन प्रक्रिया एवं विधिक सहायता तथा लोक अदालत की प्रक्रिया से अवगत कराया।
यात्रा में आये सभी दिव्यांगजनों का स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया। राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य पुनर्वास संस्थान के पुनर्वास अधिकारी जेपी दिवाकर द्वारा दिव्यांगजनों के लिए प्रदेश स्तर पर दिव्यांगजनों द्वारा निर्मित कलाकृतियों का मेला आयोजन संबंधी जानकारी दी गई।
इस अवसर पर जिला विधिक सहायता अधिकारी रोबिन दयाल, सामाजिक सुरक्षा अधिकारी राघवेन्द्र सेन, जिला दिव्यांग पुनर्वास केन्द्र देवास के विजयपाल सिंह सोनगरा, राजेन्द्र मूंदड़ा, गंगासिंह सोलंकी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित थे।





