ऊर्जा विभाग के अधीन 1050 युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरण भोपाल में 26 को

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में होगा आयोजन
इंदौर। शासन के संकल्प पत्र के अनुसार विभागों में नियुक्तियां की जा रही है। मप्र शासन ऊर्जा विभाग अंतर्गत भी विभिन्न बिजली कंपनियों में परीक्षा आधार पर चयनित करीब 1050 युवाओं को नियुक्ति पत्र 26 अगस्त को भोपाल के रवींद्र भवन मे प्रदान किए जाएंगे। इस दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। प्रदेश के ऊर्जामंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर भी इस दौरान विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। बिजली कंपनी की संगठनात्मक संरचना मंजूर करने पर मुख्यमंत्री का आभार प्रदर्शन भी किया जाएगा।
मप्र ऊर्जा विभाग ने संकल्प पत्र के आधार पर विभिन्न पदों पर एमपी ऑन लाइन के माध्यम से परीक्षा लेकर द्वितीय, तृतीय, चतुर्थ श्रेणी आधार पर विभिन्न पदों पर भर्ती की है। इनमें से चयनित करीब 1050 पदों पर भर्ती के लिए सफल उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। ऊर्जा विभाग द्वारा भर्ती प्रक्रिया की नोडल कंपनी मप्रपक्षेविविकं इंदौर के प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह ने बताया कि इन पदों में बिजली इंजीनियर, सिविल इंजीनियर, लेखाधिकारी, सूचना प्रौद्योगिकी प्रबंधक, सहायक विधि अधिकारी, लाइन अटेंडेंट, सिक्य़ोरिटी आफिसर, पावर प्लांट फार्मासिस्ट, केमिस्ट, एएनएम, ट्रेसर, स्टाफ नर्स, लेब टेक्निशियन, रेडियोग्राफर, इसीजी टेक्निशियन, पब्लिसिटी ऑफिसर, मेडिकल ऑफिसर आदि पद शामिल हैं। भोपाल में होने वाले इस राज्य स्तरीय समारोह में नियुक्ति पत्र पाने वाले युवाओं के परिजनों को भी आमंत्रित किया गया हैं।
इस अवसर पर प्रदेश की विभन्न बिजली कंपनियों की उपलब्धियों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। साथ ही विद्युत कर्मचारी संगठनों को भी आमंत्रित कर कर्मचारी हितों और उपभोक्ता सेवाओं को लेकर चर्चा की जाएगी।



