क्राइम

अवैध रूप से गोंद का परिवहन कर रहा था बाइकसवार

– वन अमले को देख बाइक व गोंद छोड़कर जंगल में भाग निकला
पुंजापुरा (बाबू हनवाल)। क्षेत्र में धावड़े के गोंद का अवैध रूप से परिवहन हो रहा है। इसे देखते हुए वन अमला भी सक्रिय होकर कार्रवाई कर रहा है। पिछले दिनों एक वाहन से बड़ी मात्रा में गोंद बरामद किया था। बुधवार को एक बाइक सवार गोंद का परिवहन कर रहा था। वन अमले को देख बाइक सवार बाइक छोड़कर भाग निकला।

जानकारी के अनुसार पुंजापुरा वन परिक्षेत्र के तहत रतनपुर सबरेंज में माता खाल के जंगल में वन विभाग के दल ने बाइक सवार को देखा, उसे रोकने का प्रयास किया तो वह बाइक छोड़कर जंगल में भाग निकला। वन अमले ने बाइक पर रखा धावड़े का गोंद सहित बाइक को जब्त कर लिया है। वन परिक्षेत्र अधिकारी नरसिंह भूरिया के अनुसार आरोपी की तलाश के लिए जंगल में सर्चिंग की जा रही है।

गौरतलब है कि क्षेत्र में धावड़े का गोंद काफी मात्रा में निकलता है। कुछ लोग धावड़े का गोंद अधिक निकालने के लिए पेड़ पर केमिकलयुक्त इंजेक्शन लगा देते हैं, जिससे गोंद की मात्रा बढ़ जाती है। ऐसा गोंद स्वास्थ्य के लिए हानिकारक बताया जाता है। साथ ही इंजेक्शन लगने से धावड़े के वृक्षों को भी नुकसान पहुंच रहा है। इसे रोकने के लिए शासन-प्रशासन द्वारा प्रयास किए जा रहे हैं। पूर्व में जैव विधिक बोर्ड द्वारा व्यापारियों को लाइसेंस दिए गए थे, लेकिन इनका दुरुपयोग होने से लाइसेंस निरस्त कर दिए गए। अब अवैध रूप से गोंद का परिवहन के मामले सामने आ रहे हैं।

बताया जा रहा है कि कुछ लोगों ने धावड़े का गोंद काफी मात्रा में संग्रहित भी कर रखा है। फिलहाल ताे वन विभाग की कार्रवाई से गोंद की तस्करी करने वालों के हौसले पस्त हो रहे हैं।

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button