स्वच्छता सर्वेक्षण 2024–25 में देवास को मिला राष्ट्रपति सम्मान

नगरीय प्रशासन मंत्री के साथ महापौर एवं आयुक्त ने नई दिल्ली में प्राप्त किया सम्मान
देवास। स्वच्छता सर्वेक्षण 2024–25 में 50 हजार से 3 लाख जनसंख्या वर्ग में उत्कृष्ट सफाई कार्यों के सफल क्रियान्वयन पर नगर निगम देवास को देश के सर्वोच्च “राष्ट्रपति सम्मान” से पहली बार सम्मानित किया गया है। यह सम्मान देवास नगर निगम के इतिहास में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।
देश की महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के कर-कमलों से यह सम्मान महापौर श्रीमती गीता दुर्गेश अग्रवाल एवं आयुक्त रजनीश कसेरा को प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय की उपस्थिति में नई दिल्ली में प्रदान किया गया।
इस गौरवशाली अवसर पर पुरस्कार प्राप्त करने वाले प्रतिनिधिमंडल में निगम सभापति रवि जैन, विधायक एवं महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल, कार्यपालन यंत्री सौरभ त्रिपाठी, स्वास्थ्य अधिकारी जितेंद्र सिसोदिया, स्वच्छता कंसलटेंट विश्वजीत सिंह, विशाल जोशी एवं अरुण तोमर उपस्थित रहे।
राष्ट्रपति सम्मान प्राप्त होने के उपरांत महापौर श्रीमती गीता दुर्गेश अग्रवाल ने अपने संदेश में कहा कि, “देवास शहर को राष्ट्र स्तर पर गौरवान्वित करने का श्रेय नगर निगम के समस्त सफाई मित्रों, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, सभी पार्षदों, शहरवासियों तथा मीडिया के रचनात्मक सहयोग को जाता है।”
इस ऐतिहासिक क्षण का नगर निगम के बैठक कक्ष में लाइव प्रसारण किया गया, जिसे निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक देखा। जैसे ही महापौर एवं आयुक्त ने यह सम्मान प्राप्त किया, कर्मचारियों में हर्ष की लहर दौड़ गई। इस गौरवमयी क्षण पर निगम परिसर में आतिशबाजी की गई, और उपायुक्त देवबाला पिपलोनिया, जाकिर जाफरी, वित्त उपायुक्त दीपक पटेल, कार्यालय अधीक्षक अशोक देशमुख द्वारा उपस्थित सफाई मित्रों एवं दरोगाओं को मिठाई वितरित की गई।

इस अवसर पर अखिल भारतीय सफाई मजदूर ट्रेड यूनियन के अध्यक्ष विकास सांगते, निगम लेखा अधिकारी दिलीप गर्ग, प्रधान कार्यपालन यंत्री इंदुप्रभा भारती, सहायक यंत्री दिनेश चौहान, मुशाहीद हन्फी, स्वच्छता निरीक्षक हरेन्द्रसिंह ठाकुर, हेमंत उबनारे, भूषण पवार, रवि गोयनार, सहित बड़ी संख्या में दरोगा, सफाई मित्र एवं निगम कर्मचारी उपस्थित रहे।




