नगर निगम

प्रधानमंत्री ने वर्चुअल कार्यक्रम के अंतर्गत देवास में देवीलोक निर्माण का किया भूमिपूजन

– शहर में होंगे करोड़े के विकास कार्य, टाटा चौराहा पर तोरण द्वार भी बनेगा
देवास। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशव्यापी विकास कार्यों का वर्चुअल कार्यक्रम के माध्यम से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में लाल परेड ग्राउंड भोपाल से लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया। इसका सीधा प्रसारण कार्यक्रम देवास में भी मल्हार स्मृति आडिटोरियम में नगर निगम द्वारा आयोजित किया गया।
प्रधानमंत्री द्वारा प्रदेश में हजारों करोड़ की राशि से नवीन विकास कार्यों की सौगात प्रदेश की जनता को दी गई। सौगातों में प्रदेश के मुखिया डॉ. यादव के नेतृत्व में प्रदेश में नवीन विकास कार्यों को ओर गति मिलेगी, जिससे कई जिलों में कई परियोजनाओं, सड़कों एवं शहर के सौन्दर्यीकरण के साथ पानी, बिजली आदि मूलभूत सुविधाओं से नागरिकों को लाभ होगा। इसी कड़ी में विधायक गायत्री राजे पवार के अथक प्रयासों से देवास शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कई विकास कार्यों का भूमिपूजन आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री ने प्रदेश के मुखिया की उपस्थिति में किया।

उल्लेखनीय है, कि उज्जैन महाकाल लोक के निर्माण के पश्चात देवास के नागरिकों, श्रद्धालुओं ने देवास विधायक श्रीमंत पवार से विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान मां तुलजा व मां चामुंडा माता टेकरी पर भी देवीलोक निर्माण की आस्था के साथ मांग की गई थी। श्रीमंत पवार ने देवास शहर के श्रद्धालुओं की आस्था को केंद्रित कर 15 करोड़ का प्रस्ताव तैयार कर मप्र सरकार को स्वीकृति हेतु भेजा था। प्रदेश के मुखिया डॉ. यादव ने देवास शहर के नागरिकों की आास्था एवं विधायक के प्रस्ताव को तत्काल स्वीकृति प्रदान करते हुए देवीलोक निर्माण के साथ टाटा चौराहा पर तोरण द्वार के निर्माण के लिए 1 करोड़ से अधिक राशि से, विभिन्न वार्डों में 50 लाख की लागत से सड़क निर्माण की सौगात के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में 1.7 करेाड़ की लागत से विजयागंज मंडी जवासिया रोड से सुनवानी गोपाल रोड निर्माण, ग्राम सिंदनी से ग्राम बोडानी तक सड़क निर्माण 30 लाख की लागत से किए जाने वाले निर्माण कार्यों का भी भूमिपूजन किया।
विधायक ने बताया कि देवास शहर के विकास में कोई कमी नहीं रहेगी। शहर में प्रदेश के मुखिया डॉ. यादव के नेतृत्व में चहुंमुखी विकास निरंतर होगा। आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम में महापौर गीता दुर्गेश अग्रवाल, जिलाध्यक्ष राजीव खंडेलवाल, विधायक एवं महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल द्वारा निगम परिषद सदस्यों एवं वरिष्ठ भाजपा नेता व जनप्रतिनिधिगणों के साथ दीन दयाल अन्त्योदय योजना के अन्तर्गत समूहों की महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए गणवेश तैयार करने हेतु कार्यादेश पत्रों का वितरण भी किया। इस अवसर पर एडीएम प्रफुल्ल फुलपगारे, निगम उपायुक्त देवबाला पिपलोनिया के साथ अधिकारी व कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button