शिक्षा

हायर सेकंडरी का पहला पेपर 6 फरवरी को, 21 हजार से अधिक विद्यार्थी होंगे शामिल

Share

– जिले में हाईस्‍कूल का प्रथम प्रश्‍नपत्र 103 परीक्षा केन्द्रों पर हुआ, 24 हजार 979 विद्यार्थी शामिल हुए

देवास। माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल द्वारा संचालित वर्ष 2024 की हाईस्कूल परीक्षा सोमवार से प्रारंभ हो गई है। जिला शिक्षा अधिकारी एचएल खुशाल ने बताया, कि 5 फरवरी को हाईस्कूल का प्रश्न पत्र जिले के 103 परीक्षा केन्द्रों पर निर्विघ्‍न तथा शांतिपूर्वक सम्पन हुआ।

हाईस्कूल के प्रश्न पत्र में कुल 25 हजार 685 विद्यार्थी शामिल होने थे, जिसमें से 24 हजार 979 विद्यार्थी प्रथम प्रश्‍नपत्र में शामिल हुए तथा 706 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। किसी भी केन्द्र पर कोई अप्रिय घटना घटित नहीं हुई ना ही किसी केन्‍द्र पर नकल प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। जिले के हायर सेकंडरी के प्रथम प्रश्‍न पत्र में 6 फरवरी को 21 हजार 257 विद्यार्थी शामिल होंगे।

जिले में परीक्षाओं के लिये 103 परीक्षा केन्द्र निर्धारित किये गये, समस्त परीक्षा केन्द्रों पर केन्द्राध्यक्ष व सहायक केन्द्राध्यक्ष तथा कार्य सुविधा के लिए स्थानीय स्तर पर एक अतिरिक्त सहायक केन्द्राध्यक्ष भी नियुक्त किया गया। शासन निर्देशानुसार इस वर्ष नवीन व्यवस्था अनुसार प्रत्येक परीक्षा दिवस पर थाने से प्रश्न पत्र निकालने एवं संबंधित परीक्षा केन्द्रों तक केन्द्राध्यक्ष/सहायक केन्द्राध्यक्ष के साथ सुरक्षित पहुंचाने के लिए प्रत्येक केन्द्र पर कलेक्टर प्रतिनिधि नियुक्त किये गये हैं। जिले के 10 संवेदनशील परीक्षा केन्द्रों पर प्रेक्षक की नियुक्ति भी की गई है।

हेल्पलाइन-

माध्यमिक शिक्षा मंडल ने विद्यार्थियों की सुविधा के लिये हेल्पलाइन शुरू की है। हेल्पलाइन के माध्यम से फोन करने वाले विद्यार्थियों की काउंसिलिंग कर उन्हें विशेषज्ञों द्वारा तनाव संबंधी उचित मार्गदर्शन देने की व्यवस्था की गई है। बोर्ड का हेल्पलाइन नम्बर 1800-233-0175 प्रतिदिन सुबह 8 से रात्रि 8 बजे तक संचालित हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button