शिक्षा

बाल रंग महोत्सव की विभिन्न प्रतियोगिताओं में सीएम राइज स्कूल के विद्यार्थियों का चयन

देवास। सीएम राइज स्कूल शासकीय मॉडल उमावि देवास के विद्यार्थियों ने संभाग स्तरीय बालरंग महोत्सव में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया तथा राज्य स्तर पर भोपाल में होने वाले बालरंग महोत्सव के लिए चयनित हुए।

विद्यालय के प्राचार्य देवेंद्र बंसल ने बताया, कि बालरंग महोत्सव 2023 के लिए विद्यालय के विद्यार्थियों ने वाद-विवाद, पाठ्य पुस्तक आधारित कविता पाठ, स्वरचित कविता पाठ, केलिग्राॅफी, लोकनृत्य-समूह, आसन और सूर्य नमस्कार आदि प्रतियोगिताओं में भाग लिया। इनमें केलिग्राॅफी में कृष्णा चौधरी ने जिला स्तर पर विद्यालय का प्रतिनिधित्व किया।

संभाग स्तरीय बालरंग प्रतियोगिता शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय माधव नगर उज्जैन में संपन्न हुई। जिला स्तर से संभाग स्तर के लिए पाठ्य पुस्तक आधारित कविता पाठ में मीनाक्षी परमार तथा वाद-विवाद प्रतियोगिता में यशस्वी दुबे ने जिले का प्रतिनिधित्व किया। सीएम राइज देवास के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए लोकनृत्य (वरिष्ठ समूह) में प्रथम स्थान प्राप्त किया। विद्यालय में पदस्थ नृत्य शिक्षक अनुष्का जोशी के निर्देशन में तैयार राजस्थानी लोकनृत्य जागृति एवं उनके समूह द्वारा प्रस्तुत किया गया। बालरंग प्रतियोगिता के नियमानुसार प्रस्तुत किए जाने वाले नृत्य के गीत को प्रतिभागियों द्वारा ही गाया एवं वाद्यों को बजाना होता है। संगीत शिक्षक आशीष राउत के निर्देशन में ’रून झुनबाजे घुघरा’ गीत को योगिनी तथा आयुषी द्वारा गाया और करण नर्रे, नागेश, अनीस द्वारा बजाया गया गया। इसी प्रकार योग शिक्षक एचएल जाट के मार्गदर्शन में योगासन एवं सूर्यनमस्कार (कनिष्ठ वर्ग) में चाहत मोदी तथा वरिष्ठ वर्ग में रीतेश रंजन यादव राज्य स्तरीय बालरंग महोत्सव हेतु चयनित हुए। ये सभी विद्यार्थी राज्य स्तर पर होने वाले बालरंग महोत्सव में अपनी प्रस्तुति देंगे। विद्यार्थियों का मार्गदर्शन स्मृति शर्मा, लक्ष्मी पाटीदार, श्वेता काकड़े एवं रूचिका बर्डे ने किया।

बच्चों में छुपी प्रतिभाओं को निखारने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश शासन स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा प्रतिवर्ष बालरंग महोत्सव का आयोजन किया जाता है। विद्यालय स्तर से आरंभ होकर विकासखंड स्तर, जिला स्तर तथा संभाग स्तर पर प्रतियोगिताओं में चयनित प्रतिभागी राज्य स्तर पर भोपाल में अपनी प्रस्तुति देते हैं। उल्लेखनीय है, कि सीएम राइज स्कूल में पाठ्य सहगामी गतिविधियां समानांतर संचालित होती है, जिसमें बच्चों को अपनी प्रतिभाएं निखारने के अवसर एवं मंच प्रदान किया जाता है। जैसे गीत संगीत, नृत्य, खेल, फाईन आर्ट योग आदि का प्रशिक्षण प्रशिक्षकों द्वारा दिया जाता है। विद्यालय के विद्यार्थियों की इस उपलब्धि के लिए प्राचार्य देवेंद्र बंसल एवं सीएम राइज विद्यालय परिवार ने बधाई दी।

 

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button