देवास

बावड़ी उत्सव में दिया जल संरक्षण का संदेश, ग्रामीणों ने लिया जल स्रोतों को सहेजने का संकल्प

Share

 

 

पारंपरिक जल स्रोतों का संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता- राजपूत

ऐतिहासिक बावड़ी पर हुआ पूजन-अर्चन, युवाओं और महिलाओं ने किया श्रमदान

देवास। जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत ग्राम राजोदा में जनभागीदारी के साथ ‘बावड़ी उत्सव’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य गांव की प्राचीन बावड़ियों के संरक्षण, स्वच्छता और जल स्रोतों के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत बावड़ी पूजन एवं स्वच्छता अभियान से हुई। उपस्थित अतिथियों ने कहा कि बावड़ियां केवल जल स्रोत नहीं बल्कि हमारी सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहर हैं। यदि इन्हें संरक्षित किया जाए तो आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संकट से निपटने का मजबूत आधार तैयार किया जा सकता है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की जिला अधिकारी डॉ. सुप्रिती यादव थीं। विशेष अतिथि के रूप में ब्लॉक अधिकारी नीलम सोनी, तपस्या लोक कल्याण सामाजिक समिति बरोठा सेक्टर क्रमांक-3 के अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह राजपूत, भाजपा मंडल अध्यक्ष अनिल सिंह भाटी, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति अध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर, समिति सचिव राजेश सिंह ठाकुर सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

ब्लॉक अधिकारी नीलम सोनी ने अपने संबोधन में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और पौधारोपण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जल संरक्षण तभी सफल होगा जब प्रत्येक व्यक्ति जल स्रोतों की स्वच्छता और हरियाली बढ़ाने के लिए अपनी जिम्मेदारी निभाए।

 

हर बूंद भविष्य की पूंजी है-
तपस्या लोक कल्याण सामाजिक समिति के अध्यक्ष धर्मेंद्रसिंह राजपूत ने कहा, कि जल केवल प्रकृति का उपहार नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने कहा कि आज जब भूजल स्तर लगातार नीचे जा रहा है, तब पारंपरिक जल स्रोतों जैसे बावड़ी, कुएं और तालाबों का संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है।
राजपूत ने कहा कि “यदि हम आज जल को बचाने का संकल्प नहीं लेंगे तो आने वाली पीढ़ियां हमें कभी माफ नहीं करेंगी। हर बूंद पानी भविष्य की पूंजी है और इसका संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। साथ ही जल गंगा संवर्धन अभियान के उद्देश्यों की जानकारी दी। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन का संकल्प लिया।

 

Back to top button