प्रशासनिक

हिट एंड रन योजना के क्रियान्वयन में देवास जिला प्रदेश में प्रथम

78 प्रकरणों में 70 लाख रुपए से अधिक की राशि जारी

Share

 

  • शिप्रा ब्रिज पर व्यवसायिक गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध, उल्लंघन पर होगी कार्रवाई
  • कलेक्टर ऋतुराज सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित
  • नियमों की अनदेखी पर सस्पेंड होंगे लाइसेंस और परमिट

देवास। कलेक्टर ऋतु राज सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित हुई। बैठक में कलेक्टर श्री ऋतु राज सिंह एवं पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने जिले की यातायात व्यवस्था, महिला संबंधी अपराध रोकथाम, एससी/एसटी अपराध, नशा मुक्ति, चिन्हित अपराध, गबन-धोखाधड़ी एवं अवैध खनन सहित विभिन्न विषयों की विस्तृत समीक्षा की।

सड़क सुरक्षा समिति की बैठक के दौरान हिट एंड रन योजना के अंतर्गत 10 परिवारों को कुल 08 लाख रुपये के सांकेतिक चेक वितरित किए गए। बैठक में बताया गया कि स्कीम के संचालन में देवास जिला प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। हिट एंड रन योजना के तहत जिले में कुल 186 प्रकरण आए है। जिसमें 111 प्रकरण स्वीकृत हो गए है तथा सामान्य बीमा परिषद मुम्बई द्वारा अबतक 78 प्रकरणों में 70 लाख 50 हजार रुपए की राशि जारी की गई हैं। जिले के संबंधित विभागों के सामूहिक प्रयासों से हिट एंड रन योजना का देवास जिले में प्रभावी एवं बेहतर क्रियान्वयन किया जा रहा है।

शिप्रा ब्रिज पर व्यवसाय करना प्रतिबंधित
कलेक्टर श्री ऋतु राज सिंह ने निर्देश दिए कि शिप्रा ब्रिज के ऊपर किसी भी प्रकार का व्यवसाय करना पूर्णतः प्रतिबंधित है। ब्रिज पर व्यवसायिक गतिविधियां संचालित करने वालों के विरुद्ध संबंधित विभाग द्वारा तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रतिबंध के बावजूद व्यवसाय करने वालों पर नियमानुसार अर्थदंड लगाया जाए तथा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। संबंधित अधिकारी नियमित रूप से निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करें कि शिप्रा ब्रिज पर किसी भी प्रकार की व्यवसायिक गतिविधि संचालित न हो।

यातायात में बाधा बन रहे बिजली के पोल एक सप्ताह में हटाएं
कलेक्टर श्री सिंह ने देवास शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से देवास शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात में अवरोध पैदा कर रहे बिजली के खंभों को एक सप्ताह में हटाने के निर्देश एमपीईबी के सहायक यंत्री श्री अरविन्द्र शर्मा को दिए। उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि इस संबंध में पूर्व में भी एमपीईबी को आवश्यक निर्देश दिए गए थे, लेकिन विभाग द्वारा अब तक इस दिशा में कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं की गई है। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि यदि आगामी एक सप्ताह में यातायात में बाधक बन रहे बिजली के पोल हटाने का कार्य पूरा नहीं किया गया, तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

बस, ई-रिक्शा, ऑटो रिक्शा एवं मैजिक वाहन के निर्धारित स्थानों पर रुकने के निर्देश
कलेक्टर श्री सिंह ने आरटीओ को निर्देश दिए कि देवास शहर में बस, ई-रिक्शा, ऑटो रिक्शा एवं मैजिक वाहनों को निर्धारित स्थानों पर ही रुकने दिया जाए। बीच मार्ग में वाहन रोकने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए लाइसेंस निलंबन एवं परमिट निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाए। उन्होंने अगली बैठक में की गई कार्रवाई की सूची प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने आरटीओ एवं ट्रैफिक पुलिस को लगातार जांच एवं कार्रवाई करने तथा ई-रिक्शा के लिए सर्कुलर तैयार कर उन्हें वाहनों पर चस्पा कराने के निर्देश भी दिए। ई-रिक्शा के लिए निर्धारित रूट का चयन कर सभी वाहनों को रूट के अनुसार संचालित करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।

यातायात नियम तोड़ने वालों पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश
कलेक्टर श्री सिंह ने ट्रैफिक पुलिस को सिग्नल तोड़ने एवं रॉन्ग साइड वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। ई-रिक्शा, ऑटो रिक्शा एवं मैजिक वाहनों की नंबरिंग करने तथा मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज आवाज करने वाले वाहनों पर भी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध पूरे जिले में चालानी कार्रवाई करने तथा अगली बैठक में की गई कार्रवाई की जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

अतिक्रमण एवं नो-पार्किंग के विरुद्ध चलेगा अभियान
कलेक्टर श्री सिंह ने नगर निगम एवं ट्रैफिक पुलिस को संयुक्त कार्रवाई करते हुए देवास शहर में एबी रोड से अतिक्रमण हटाने तथा इंदौर रोड ब्रिज के नीचे से भी अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने वालों के विरुद्ध क्रेन के माध्यम से कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने नगर निगम को शहर के सभी ट्रैफिक सिग्नल शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश भी दिए।

बकरा हाट एवं रेती मंडी के लिए स्थान चिन्हित करने के निर्देश
कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि नौसराबाद बायपास चौराहे पर बकरा हाट नहीं लगने दिया जाए। बकरा हाट के लिए अन्य उपयुक्त स्थान का चिन्हांकन करने तथा तहसीलदार एवं पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि आगामी गुरुवार को वहां बकरा हाट न लगे। उन्होंने मुख्य मार्गों पर रेती मंडी नहीं लगाने के निर्देश देते हुए रेती मंडी के लिए भी उपयुक्त स्थान चिन्हित करने को कहा। मुख्य मार्गों पर रेत से भरे ट्रैक्टर खड़े करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।

पटाखा दुकानों के लिए निर्धारित स्थान तय करने के निर्देश
कलेक्टर श्री सिंह ने पटाखा दुकानों के लिए स्थान का चयन शीघ्र करने तथा शहर के अंदर पटाखा दुकानें लगाने की अनुमति नहीं देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पटाखा दुकानों का संचालन केवल निर्धारित स्थान पर ही किया जाए।

अवैध कट पॉइंट बंद करने एवं संबंधितों पर कार्रवाई के निर्देश
कलेक्टर श्री सिंह ने एबी रोड स्थित आदियोगी हॉस्पिटल के सामने जाली तोड़कर बनाए गए अवैध कट पॉइंट को बंद करने तथा जाली तोड़कर कट पॉइंट बनाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने पास में स्थित आटा मिल एवं आदियोगी हॉस्पिटल संचालक को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने जिले में ढाबों के सामने बनाए गए अवैध कट पॉइंट पर भी ढाबा संचालकों को नोटिस जारी कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

क्षतिग्रस्त मार्गों की शीघ्र मरम्मत के निर्देश
कलेक्टर श्री सिंह ने कन्नौद नगर में दशहरा मैदान के सामने क्षतिग्रस्त मार्ग एवं गड्ढों की शीघ्र मरम्मत के निर्देश दिए। गंधर्वपुरी बस स्टैंड के समीप क्षतिग्रस्त मार्ग पर उचित तरीके से पेचवर्क/मरम्मत कराने के निर्देश एमपीआरडीसी को दिए। उन्होंने देवास शहर के एबी रोड से निराश्रित पशुओं को हटाने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में नगर निगम आयुक्त दलीप कुमार, अपर कलेक्टर शोभाराम सोलंकी, अपर कलेक्टर संजीव जैन सहित जिला अधिकारीगण, पुलिस अधिकारी एवं जिला सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य उपस्थित थे।

Back to top button