इंदौर

पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना में 502 करोड़ की सब्सिडी दी

मालवा निमाड़ क्षेत्र में 69069 स्थानों पर संयंत्र स्थापित

Share

इंदौर। शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता वाली पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से अधिकाधिक उपभोक्ताओं को सब्सिडी दिलाने एवं पर्यावरण हितैषी ऊर्जा उत्पादन के लिए मप्र पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वार हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। इसके आशातीत परिणाम भी दिखाई दे रहे हैं।

अब तक इस योजना में पश्चिम मप्र यानि मालवा निमाड़ क्षेत्र में 69069 स्थानों पर संयंत्र लगे हैं, इसमें से करीब 30 हजार संयंत्र इंदौर जिले में लगाए गए हैं। 65 हजार उपभोक्ताओं को 502 करोड़ से ज्यादा की सब्सिडी डीबीटी से वितरित की जा चुकी हैं। तय प्रक्रिया एवं दस्तावेज अपलोड होने के बाद सब्सिडी मिलने का क्रम सतत जारी हैं।

कंपनी के प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह ने बताया कि कंपनी स्तर पर एवं सर्कल के अधीक्षण यंत्रियों द्वारा इस योजना से जुड़ने वालों के आवेदन एवं जागृति को लेकर दैनिक कार्य किए जा रहे हैं, सतत समीक्षा भी की जा रही हैं। इसी से प्रतिमाह हजारों उपभोक्ता अपने परिसरों में सोलर लगा रहे हैं, शासन की ओर से देय प्रति उपभोक्ता 78 हजार रूपए तक की सब्सिडी का लाभ भी ले रहे हैं।

श्री सिंह ने बताया कि योजना अंतर्गत इंदौर जिले में करीब तीस हजार संयंत्र लग चुके हैं। इंदौर के बाद उज्जैन, रतलाम में सबसे ज्यादा संयंत्र लगे हैं। उपरोक्त योजना में अब तक करीब 235 मैगावॉट क्षमता के सोलर लगाए जा चुके हैं।

Back to top button