राज्यशिक्षा

माध्यमिक शिक्षा मंडल ने वर्ष 2027 की हाईस्कूल, हायर सेकंडरी एवं डीपीएसई मुख्य एवं द्वितीय परीक्षा का जारी किया टाइम-टेबल

सुबह 9 बजे से शुरू होगी परीक्षा, मंडल की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकेंगे समय-सारिणी

Share

भोपाल। माध्यमिक शिक्षा मंडल, मध्यप्रदेश ने वर्ष 2027 में आयोजित की जाने वाली हाईस्कूल, हायर सेकेंडरी मुख्य एवं द्वितीय परीक्षाओं और विद्यालय पूर्व शिक्षा में डिप्लोमा (डीपीएसई) प्रशिक्षण संस्थानों की परीक्षाओं का गुरुवार को परीक्षा कार्यक्रम (टाइम-टेबल) जारी कर दिया है। सभी परीक्षाएं सुबह 9 बजे से शुरू होंगी और दोपहर 12 बजे तक चलेंगी।

माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल द्वारा परीक्षा कार्यक्रम के संबंध में सभी शासकीय एवं मान्यता प्राप्त अशासकीय हाईस्कूल एवं हायर सेकंडरी विद्यालयों तथा डीपीएसई प्रशिक्षण संस्थानों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं।

हाईस्कूल की मुख्य परीक्षा 24 फरवरी 2027 से शुरू होगी और 18 मार्च 2027 तक चलेगी। इसी तरह हायर सेकंडरी स्कूल की मुख्य परीक्षा 17 फरवरी से शुरू होगी और 19 मार्च 2027 तक चलेगी।

हाईस्कूल की द्वितीय परीक्षा 15 जून 2027 से शुरू होगी और 30 जून 2027 को समाप्त होगी। हायर सेकंडरी स्कूल की द्वितीय परीक्षा 11 जून 2027 से 30 जून 2027 तक चलेगी। वहीं विद्यालय पूर्व शिक्षा में डिप्लोमा (डीपीएसई) की मुख्य परीक्षा प्रथम वर्ष 17 फरवरी से 25 फरवरी 2027 तक चलेगी। इसी तरह से द्वितीय वर्ष की परीक्षा 18 फरवरी से 26 फरवरी तक चलेगी।

मंडल ने सभी विद्यालयों को निर्देश दिए हैं कि परीक्षा कार्यक्रम को शाला के बाहर नोटिस बोर्ड पर परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए ऐसे स्थान पर चस्पा किया जाए, जहां सभी संबंधित विद्यार्थी एवं अभिभावक उसे आसानी से देख सकें।

एक ही समय पर होगी नियमित एवं स्वाध्यायी विद्यार्थियों की परीक्षाएं-
माध्यमिक शिक्षा मंडल के सचिव बुद्धेश कुमार वैद्य ने बताया कि नियमित, स्वाध्यायी तथा दृष्टिहीन, मूक-बधिर एवं अन्य दिव्यांग परीक्षार्थियों की परीक्षाएं समान तिथि, दिवस एवं समय पर आयोजित की जाएंगी। परीक्षार्थियों को परीक्षा कार्यक्रम की जानकारी मंडल की आधिकारिक वेबसाइट www.mpbse.nic.in पर भी उपलब्ध होगी। विद्यार्थी एवं संबंधित विद्यालय वेबसाइट के माध्यम से परीक्षा कार्यक्रम देख सकते हैं।

परीक्षार्थियों को सुबह 8 बजे तक पहुंचना होगा परीक्षा केंद्र पर-
परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर सुबह 8 बजे तक पहुंचना होगा। मंडल द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया है कि सुबह 8.45 बजे के बाद किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा कक्ष में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षार्थियों की प्रायोगिक परीक्षा उन्हें आवंटित परीक्षा केंद्र पर 1 फरवरी 2027 से 19 फरवरी 2027 के बीच संचालित की जाएगी।

Back to top button