धर्म-अध्यात्म

चंद्रकेश्वरधाम से निकली 5वीं कांवड़ यात्रा, ‘बोल बम’ के जयकारों से गूंजा अंचल

Share

बेहरी (हीरालाल गोस्वामी) सावन के पवित्र माह में नगर और अंचल का माहौल शिवमय हो गया। सोमवार को ‘आप और हम’ कांवड़ यात्रा संघ के तत्वावधान में 5वीं कांवड़ यात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। महिला श्रद्धालुओं की अगुवाई में निकली यात्रा में बड़ी संख्या में भक्त शामिल हुए। पूरे मार्ग में ‘बोल बम’ और हर-हर महादेव के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा।

चंद्रकेश्वर से शुरू हुई यात्रा-
कांवड़ यात्रा की शुरुआत प्राचीन चंद्रकेश्वर में भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना के साथ हुई। श्रद्धालुओं ने मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद पवित्र जल भरा और कांवड़ लेकर यात्रा प्रारंभ की।

यात्रा बड़ी फाटा, मातमोर, अमरपुरा, चापड़ा बस स्टैंड और बेहरी फाटे होते हुए बेहरी स्थित प्राचीन मनकामेश्वर भोलेनाथ मंदिर पहुंची।

जगह-जगह पुष्पवर्षा से स्वागत-
कांवड़ यात्रा का नगर सहित मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया। भक्तों पर पुष्पवर्षा की गई और प्रसाद का वितरण किया गया। कई स्थानों पर फरियाली, खीर-खिचड़ी और केले का प्रसाद वितरित कर कांवड़ यात्रियों का स्वागत किया गया।

श्रद्धालु कपिल यादव और तुलसीराम पाटीदार सहित अन्य भक्तों ने 101 लीटर दूध से तैयार खीर का प्रसाद वितरित किया। वहीं शैलेंद्र सिंह शक्तावत, श्याम राठौर, मानसिंह सर, राजेश भाटी, हरीश कौशल, सोनू, आनंदी यादव, गजराज यादव, धर्मेंद्र यादव, राजेश यादव सहित अनेक श्रद्धालुओं ने यात्रा का स्वागत किया।

कांवड़ यात्रा में शामिल महिला श्रद्धालुओं और महिला शक्ति का भी विभिन्न स्थानों पर विशेष रूप से स्वागत किया गया।

मनकामेश्वर मंदिर में हुआ जलाभिषेक

शाम को कांवड़ यात्रा प्राचीन मनकामेश्वर भोलेनाथ मंदिर, बेहरी पहुंची। यहां श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से पवित्र जल से अभिषेक किया और सुख-समृद्धि एवं मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना की।

पूरी यात्रा के दौरान भक्तिभाव और उत्साह का माहौल बना रहा। ‘बोल बम’ के जयकारों से गूंजता अंचल सावन की भक्ति में सराबोर नजर आया।

 

Back to top button