स्वतंत्रता दिवस पर रेलवे स्टेशन परिसर में पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

देवास। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए रेलवे स्टेशन परिसर में वृहद स्तर पर पौधरोपण किया गया।
प्रधानमंत्री के आह्वान पर चलाए जा रहे “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण कार्यकर्ता बुद्धसेन पटेल के नेतृत्व में पौधे लगाए गए।
पौधरोपण अभियान में रेलवे आईओडब्ल्यू के सौरील पटेल, पूजा तिवारी, रामदास पटेल, सक्षम तिवारी सहित विजय तिवारी, कैलाश द्विवेदी, दिव्या पटेल एवं शांकुतला पटेल ने सहभागिता की। सभी ने रेलवे स्टेशन परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।

इस अवसर पर बुद्धसेन पटेल ने कहा कि राष्ट्रीय पर्व केवल देशभक्ति की भावना व्यक्त करने का अवसर नहीं हैं, बल्कि समाज और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का भी अवसर हैं। उन्होंने देशवासियों के साथ ही सभी सरकारी एवं निजी संस्थानों से अपील की कि वे राष्ट्रीय पर्वों के अवसर पर कम से कम एक पौधा जरूर लगाएं और उसे केवल रोपने तक सीमित न रखें, बल्कि पेड़ बनने तक उसकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी करें।
उन्होंने कहा कि बड़े पैमाने पर पौधरोपण के साथ यदि उनके संरक्षण पर भी ध्यान दिया जाए तो आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर और हरित पर्यावरण तैयार किया जा सकता है। स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित इस पौधरोपण अभियान ने देशभक्ति के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।





