भैरव कुंड में नहाते समय डूबा युवक, दूसरे दिन SDRF ने निकाला शव

उदयनगर (बाबू हनवाल)। खुडैल थाना क्षेत्र के भैरव कुंड में रविवार को पिकनिक मनाने पहुंचे एक युवक की नहाते समय पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद रविवार शाम तक युवक की तलाश की गई, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। सोमवार को SDRF की टीम ने भैरव कुंड के धोबघट्टा क्षेत्र से युवक का शव बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार, रोहित सिंह रावत उम्र 25 वर्ष निवासी आलीराजपुर अपने तीन साथियों यशवंत मुकाती उम्र 23 वर्ष निवासी भीलखेड़ी, आष्टा, रोशन सिंह उम्र 27 वर्ष निवासी ग्राम हंडिया और कृष्ण कुमार पटेल उम्र 27 वर्ष निवासी ग्राम बिस्तरा, जिला कटनी के साथ रविवार को भैरव कुंड पिकनिक मनाने पहुंचा था। सभी ने वहां दाल-बाटी बनाई। इसके बाद झरने और उसके आसपास जमा पानी में नहाने चले गए।
पुलिस को दिए बयान में यशवंत ने बताया कि उसे कम तैरना आता था, इसलिए वह किनारे पर नहा रहा था। वहीं रोशन सिंह और कृष्ण कुमार झरने के पास पानी में तैर रहे थे। सुबह करीब 10 बजे रोहित सिंह रावत भी कपड़े उतारकर झरने के पास नहाने चला गया। कुछ देर बाद वह अचानक गहरे पानी में डूब गया।
साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी अधिक गहरा होने के कारण रोहित दिखाई नहीं दिया। इसके बाद तीनों साथियों ने खुडैल पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। गांव के करीब 10 से 15 युवकों के साथ देवास से पहुंची रेस्क्यू टीम और गोताखोरों की मदद से रविवार को भैरव कुंड में काफी देर तक सर्चिंग की गई, लेकिन देर शाम तक रोहित का पता नहीं चल सका।
सोमवार को SDRF की टीम ने दोबारा रेस्क्यू अभियान चलाया। टीम ने भैरव कुंड के धोबघट्टा क्षेत्र से सुबह करीब 9:30 बजे रोहित सिंह रावत का शव बरामद किया। पुलिस ने शव को बाहर निकालकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पीएम के लिए शव को शासकीय दवाखाना उदयनगर लाया गया। डॉ. राहुल बड़ोदिया ने पीएम कर सुबह 11:30 बजे शव को परिजनों को सौंप दिया।




