
श्री श्री रविशंकर विद्या मंदिर, इंदौर में
तीन दिवसीय वार्षिक खेल महोत्सव, विभिन्न प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाया दमखम
इंदौर। श्री श्री रविशंकर विद्या मंदिर, इंदौर में आयोजित तीन दिवसीय वार्षिक खेल महोत्सव ‘स्पंदन – द पल्स ऑफ स्पोर्ट्स’ में विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन किया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना और उनके शारीरिक, मानसिक एवं व्यक्तित्व विकास को नई दिशा देना रहा।
खेल महोत्सव के प्रथम दिन मुख्य अतिथि के रूप में कैप्टन राजेंद्र सिंह थापा उपस्थित रहे, जबकि समापन दिवस पर हॉकी के दिग्गज खिलाड़ी मीर रंजन नेगी ने विशेष रूप से विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। अतिथियों ने अपने उद्बोधन में खेलों को जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता बढ़ाने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनसे अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना जैसे गुण भी विकसित होते हैं। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए, क्योंकि खेल जीवन में चुनौतियों का सामना करने और हार-जीत को सहजता से स्वीकार करने की सीख देते हैं।
प्रतियोगिताओं में विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने फुटबॉल, क्रिकेट, बास्केटबॉल, तीरंदाजी और रिले रेस सहित अनेक खेलों में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। मैदान में विद्यार्थियों का जोश और प्रतिस्पर्धा का उत्साह देखते ही बना। महोत्सव के अंतिम दिन विद्यार्थियों के लिए विशेष खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं, जिनमें उन्होंने पूरे उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास भी उतना ही आवश्यक है। इसी सोच के साथ विद्यालय शैक्षणिक गतिविधियों के साथ खेल, सांस्कृतिक और अन्य सहशैक्षणिक गतिविधियों को भी महत्व दे रहा है। ‘स्पंदन’ इसी प्रयास का एक महत्वपूर्ण हिस्सा रहा, जिसने विद्यार्थियों को अपनी क्षमताएं पहचानने, आपसी सहयोग सीखने और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का अवसर प्रदान किया।




