प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के नाम पर महिला से 4.85 लाख की धोखाधड़ी

नगर निगम में पद का दुरुपयोग कर दिया था आवास दिलाने का झांसा, आरोपी गिरफ्तार; न्यायालय ने 30 नवंबर तक पुलिस रिमांड पर सौंपा
देवास। प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने का झांसा देकर एक महिला से 4 लाख 85 हजार रुपए की धोखाधड़ी करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि नगर निगम में अपने पद का दुरुपयोग कर आरोपी ने महिला को योजना का लाभ दिलाने का भरोसा दिलाया और उससे रकम लेकर अपने रिश्तेदारों को दे दी।
सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर आमजन के साथ धोखाधड़ी करने वालों के विरुद्ध देवास पुलिस द्वारा निरंतर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। आरोपी ने नगर निगम देवास में अपने पद का दुरुपयोग करते हुए शहर की एक महिला को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास दिलाने का झूठा प्रलोभन दिया। आरोपी ने महिला को योजना का लाभ दिलाने का विश्वास दिलाकर उससे कुल 4 लाख 85 हजार प्राप्त किए तथा उक्त राशि अपने रिश्तेदारों को दे दी। इस प्रकार आरोपी द्वारा धोखाधड़ी एवं अमानत में खयानत की गई। महिला की शिकायत पर थाना कोतवाली में प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।
थाना कोतवाली पुलिस द्वारा तकनीकी सहायता एवं अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी किशोर उर्फ नंदकिशोर प्रजापत उम्र 42 वर्ष निवासी भवानी सागर को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के पश्चात आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से धोखाधड़ी से प्राप्त राशि की बरामदगी एवं अन्य संलिप्त व्यक्तियों से पूछताछ के लिए 30 नवंबर तक पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। प्रकरण में अग्रिम विवेचना जारी है।
सराहनीय भूमिका-
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शशिकांत चौरसिया, उप निरीक्षक उपेंद्र नाहर, आरक्षक सत्येंद्र, उदय प्रताप, पंकज एवं साइबर सेल से प्रधान आरक्षक सचिन की सराहनीय भूमिका रही।



