केंद्र की तर्ज पर प्रदेश सरकार भी बढ़ाए कर्मचारियों का महंगाई भत्ता
मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी संघ के प्रदेश मंत्री सहज सरकार ने की मांग

देवास। मध्यप्रदेश के शासकीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) में केंद्र सरकार की तर्ज पर वृद्धि करने तथा कर्मचारियों को समान काम के लिए समान वेतन एवं भत्ते का लाभ देने की मांग तेज हो गई है।
मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी संघ के प्रदेश मंत्री सहज सरकार ने केंद्र सरकार द्वारा केंद्रीय कर्मचारियों को 62 प्रतिशत महंगाई भत्ता दिए जाने पर केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया है। साथ ही उन्होंने मध्यप्रदेश सरकार से प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों के हित में महंगाई भत्ते में समानुपातिक वृद्धि करने की मांग की है।
सहज सरकार ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा अपने कर्मचारियों को महंगाई भत्ते का लाभ दिया जाना स्वागत योग्य कदम है। इसी तर्ज पर मध्यप्रदेश सरकार को भी प्रदेश के कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में वृद्धि कर उन्हें आर्थिक राहत प्रदान करनी चाहिए। बढ़ती महंगाई के दौर में कर्मचारियों को उनके अधिकारों के अनुरूप आर्थिक लाभ मिलना आवश्यक है।
उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की है कि केंद्र एवं राज्य के कर्मचारियों के महंगाई भत्ते के बीच अंतर को समाप्त करते हुए केंद्रीय कर्मचारियों के समान महंगाई भत्ता प्रदान किया जाए। इसके साथ ही समान काम, समान वेतन एवं समान भत्ते के सिद्धांत को प्रभावी रूप से लागू करने की दिशा में भी ठोस कदम उठाए जाएं।
उन्होंने कहा कि कर्मचारी किसी भी शासन व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं। उनकी आर्थिक सुरक्षा, कार्य के प्रति सम्मान तथा जायज मांगों का निराकरण शासन की प्राथमिकता होना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से अपेक्षा जताई कि प्रदेश सरकार कर्मचारी हितों को ध्यान में रखते हुए महंगाई भत्ते में वृद्धि सहित अन्य लंबित मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेगी।
मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी संघ ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि कर्मचारियों को केंद्र के समान महंगाई भत्ता, समान काम के लिए समान वेतन एवं भत्तों का लाभ प्रदान कर कर्मचारी हित में शीघ्र निर्णय लिया जाए।




