देवासधर्म-अध्यात्म

मां की आराधना से मिलता है सेवा और समर्पण का संदेश: अजय गुप्ता

अनंता परिवार के पंडाल में सामाजिक-धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने मां जगदंबा की आरती कर बांटा फलाहारी प्रसाद

Share

 

देवास। धर्म केवल आराधना तक सीमित नहीं है, बल्कि सेवा, समर्पण और समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन भी इसका महत्वपूर्ण अंग है। मां जगदम्बा की आराधना हमें श्रद्धा के साथ सेवा और सद्भाव के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है।

यह भाव संस्था अनंता परिवार द्वारा आयोजित माता रानी की आरती एवं भंडारे के अवसर पर देखने को मिला। आयोजन में शहर के विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के पदाधिकारियों ने उपस्थित होकर मां जगदम्बा का पूजन-अर्चन किया और समाज में सद्भाव एवं समरसता की कामना की।

धर्म और सेवा समाज को जोड़ने का माध्यम-
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संघचालक अजय गुप्ता सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस अवसर पर अजय गुप्ता ने अपने संक्षिप्त उद्बोधन में कहा कि धार्मिक आयोजन समाज को एक सूत्र में पिरोने का कार्य करते हैं। मां जगदम्बा की आराधना के साथ जरूरतमंदों और श्रद्धालुओं की सेवा का भाव भी आत्मसात करना चाहिए। सामूहिक सेवा कार्य से समाज में सद्भाव, सहयोग और संस्कारों की भावना मजबूत होती है।

सामाजिक-धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने नवाया शीश-
आयोजन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संघचालक अजय गुप्ता, प्रांतीय वरिष्ठ अधिकारी कैलाश चंद्रावत, विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष संदीप चौबे, बजरंग दल विभाग संयोजक नारायण शर्मा, मातृशक्ति जिला संयोजिका उज्जवला व्यास, विद्या भारती सरस्वती शिशु मंदिर के समस्त प्राचार्य, शिवसेना के प्रांत उपाध्यक्ष रोहित शर्मा, जिला अध्यक्ष सुनील वर्मा एवं कार्यकर्ताओं सहित गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारी शामिल हुए। सभी अतिथियों ने मां जगदम्बा का पूजन-अर्चन कर विधिवत आरती की और माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त किया।

लाल दुपट्टा ओढ़ाकर अतिथियों का किया सम्मान-
मां जगदम्बा की आरती के पश्चात श्रद्धालुओं को फलाहारी प्रसादी वितरित की गई। संस्था अनंता परिवार की ओर से संयोजक अजय सैंधव एवं दिनेश सांखला ने अतिथियों का लाल दुपट्टा ओढ़ाकर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया। पूरे आयोजन में धार्मिक आस्था, परस्पर सौहार्द और सेवा भावना का वातावरण रहा। कार्यक्रम के माध्यम से मां जगदम्बा के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने के साथ सामाजिक एकजुटता का संदेश भी दिया गया।

Back to top button