राज्य

ग्वालियर व्यापार मेले में ऑनलाइन होगा दुकानों का आवंटन, प्रक्रिया जारी

Share

 

ग्वालियर। ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण द्वारा आयोजित श्रीमंत माधवराव सिंधिया व्यापार मेला वर्ष 2026-27 में दुकानों का आवंटन ऑनलाइन किया जाएगा।

मेले का आयोजन 15 दिसंबर 2026 से 15 फरवरी 2027 तक होगा। दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया पहले ही शुरू हो चुकी है। जिन दुकानदारों को पोर्टल पर अपनी दुकान प्रदर्शित नहीं होने या आवंटन संबंधी कोई समस्या है, वे 31 अक्टूबर 2026 तक मेला कार्यालय में आवेदन देकर उसका निराकरण करा सकते हैं।

मेला प्राधिकरण से प्राप्त जानकारी के अनुसार दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया 9 अक्टूबर 2026 से शुरू हो चुकी है। इस दौरान प्रथम चरण में ऑटोमोबाइल सेक्टर, झूला सेक्टर और पक्की दुकानों के लिए आवेदन एवं आरक्षण की प्रक्रिया शुरू की गई है।

इन दुकानों के लिए नियमानुसार आवेदन करने की प्रक्रिया जारी है। द्वितीय चरण में अस्थायी टीन की दुकानों, चबूतरा सेक्टर, सी सेक्टर, एसटी सेक्टर और एनएससी सेक्टर सहित अन्य सेक्टर की शेष दुकानों के लिए 17 अक्टूबर 2026 से ऑनलाइन पोर्टल खुलेगा।

मेला सचिव ने बताया कि वर्ष 2024-25 तक आरक्षण की प्रक्रिया में शामिल दुकानदारों और व्यापारियों को वर्ष 2026-27 के मेले के लिए पात्र माना गया है। कई वर्षों से मेले में दुकान लगाने वाले कुछ दुकानदारों और व्यापारियों की दुकानें ऑनलाइन प्रक्रिया में अभी प्रदर्शित नहीं हो रही हैं। ऐसे दुकानदारों और व्यापारियों को अपनी दुकान की स्थिति की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की सलाह दी गई है।

सभी सेक्टरों की आरक्षित दुकानों की जानकारी एमपी ऑनलाइन पोर्टल पर उपलब्ध है। यदि किसी दुकानदार की दुकान पोर्टल पर प्रदर्शित नहीं हो रही है, तो वह 31 अक्टूबर 2026 तक मेला कार्यालय में लिखित आवेदन प्रस्तुत कर सकता है। इससे संबंधित समस्या का परीक्षण कर उसका निराकरण किया जा सकेगा।

निर्धारित समय सीमा में प्राप्त आवेदनों पर विचार किया जाएगा। इसके अलावा, वर्ष 2025-26 की बकाया राशि जमा नहीं करने वाले दुकानदारों और व्यापारियों को भी राशि जमा करने की सलाह दी गई है। इसमें कवर्ड एरिया, अतिरिक्त विद्युत भार और निर्धारित समय के बाद दुकान लगाने पर लगने वाली पेनल्टी सहित अन्य बकाया राशि शामिल है।

बकाया राशि जमा करने के बाद ही संबंधित दुकानदारों को वर्ष 2026-27 के मेले में ऑनलाइन दुकान आवंटन की पात्रता मिल सकेगी। मेला प्राधिकरण ने दुकानदारों और व्यापारियों से अपील की है कि वे समय सीमा का ध्यान रखते हुए ऑनलाइन आवेदन करें, बकाया राशि जमा करें और दुकान आवंटन से जुड़ी किसी भी समस्या का निराकरण निर्धारित अवधि में करा लें। मेले के कला मंदिर रंगमंच में भी ऑनलाइन दुकान आवंटन की व्यवस्था की गई है। बकाया राशि जमा होने के बाद ही संबंधित दुकानदारों की पात्रता सुनिश्चित की जाएगी।

Back to top button