सेवा कार्य कर सनातन समाज को धर्म पथ से जोड़ रही है संस्था अनंता
विधायक गायत्री राजे पवार ने की सराहना

देवास। शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर देवास का माहौल भक्तिमय हो उठा है। संस्था अनंता परिवार द्वारा आयोजित चौथे दिन की महाआरती और भंडारे में जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं एवं भक्तजनों ने शामिल होकर मातारानी का आशीर्वाद लिया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
संस्था अनंता परिवार द्वारा आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में अतिथि के रूप में विधायक गायत्री राजे पवार राजमाता, भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. रायसिंह सेंधव, महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल, सभापति रवि जैन, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष नरेन्द्रसिंह राजपूत, सत्तापक्ष नेता मनीष सेन, सोनकच्छ जनपद अध्यक्ष सूरजसिंह ठाकुर, टोंकखुर्द जनपद अध्यक्ष पोपसिंह ठाकुर, महेंद्र ठाकुर भाजयुमो जिला अध्यक्ष सीहोर, भाजपा मंडल अध्यक्षगण मंगलभाई चौधरी, रामकुमार सिंह आदि भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने मातारानी की महाआरती में भाग लेकर आस्था प्रकट की।

इस अवसर पर विधायक श्रीमंत पवार ने कहा, कि संस्था अनंता परिवार धार्मिक एवं सेवा कार्य के आयोजन कर सनातन समाज को धर्म पथ पर जोड़ने का बहुत अच्छा कार्य कर रही है। ऐसे धार्मिक एवं सेवा कार्य सराहनीय है।
आस्था और भक्ति से ओतप्रोत इस आयोजन में मातारानी के जयकारों से पूरा पंडाल गूंज उठा। महाआरती उपरांत अतिथियों ने फरियाली प्रसाद भंडारे का शुभारंभ किया और स्वयं भक्तजनों को प्रसाद वितरित किया। इस दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
संस्था की ओर से संरक्षक भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ सेंधव एवं संस्था संयोजक अजय सेंधव सहित कार्यकर्ताओं ने विधायक राजमाताजी का मातारानी की चुनरी ओढ़ाकर स्वागत किया। सभी अतिथियों का स्वागत लाल दुपट्टा पहनाकर किया।

संस्था संयोजक अजय सेंधव एवं दिनेश सांखला ने बताया, कि रोजाना की तरह चौथे दिन भी हजारों भक्तजनों ने भंडारे में शामिल होकर प्रसाद ग्रहण किया। उन्होंने कहा कि नवरात्रि का यह पर्व शहरवासियों को आपसी एकता, आस्था और भक्ति से जोड़ रहा है।




