क्राइम

खेतों से मोटर और बिजली के तार चुराने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार

बागली पुलिस ने करीब एक लाख रुपए का माल किया बरामद, चोरी में इस्तेमाल बाइक भी जब्त

Share

बेहरी (हीरालाल गोस्वामी)। खेतों के कुएं से पानी की मोटर और ट्रांसफार्मर से बिजली के तार चोरी करने के मामलों में बागली पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो पानी की विद्युत मोटर, एलटी लाइन के एल्युमिनियम तार के आठ बंडल और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त माल की कुल कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई है।

दो अलग-अलग चोरी की शिकायतों के बाद सक्रिय हुई पुलिस
पुलिस के अनुसार, बेहरी निवासी कंचन पिता चैनाजी दांगी ने 7 अक्टूबर को शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके खेत के कुएं से पनडुब्बी मोटर चोरी हो गई है। वहीं, 8 अक्टूबर को खेड़ा पांजरिया निवासी संजय पिता मिश्रीलाल पलासिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि हीरालाल के ट्रांसफार्मर से एलटी लाइन के दो गाले के विद्युत तार चोरी कर लिए गए हैं।

मामलों में अज्ञात आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोत के निर्देश पर टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सौम्या जैन के माध्यम से एसडीओपी बागली संजय सिंह बेस के निर्देशन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक जीवन भिंडोरे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।

बेहरी के तीन युवकों को पकड़ा, पूछताछ में चोरी कबूली
पुलिस ने मामले में अभिषेक बागवान (18), आजाद बछानिया (28) और कुलदीप उर्फ अखिलेश बागवान (19), तीनों निवासी बेहरी, को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया। उन्होंने थाना बागली के अपराध क्रमांक 422/26 में दर्ज चोरी के मामले में भी संलिप्तता कबूल की।

मोटर, तार और बाइक जब्त 
पुलिस ने आरोपियों से दो पानी की विद्युत मोटर, एलटी लाइन के एल्युमिनियम तार के आठ बंडल और वारदात में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल जब्त की। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।

सराहनीय कार्य – इस कार्रवाई में निरीक्षक जीवन भिंडोरे, सउनि सउद कुरैशी, सेलेस्टीन एक्का, प्रधान आरक्षक रामप्रताप सिंह चौहान, अरुण चौहान, प्रकाश मईडा, आरक्षक विशाल चंद्रवंशी, सुनील जर्मन, सतीश वास्केल, महेश सिसोदिया, राकेश रावत, सोहन पैकरा का सराहनीय योगदान रहा।

Back to top button