जयंती पर चलाया स्वच्छता अभियान, भाजपा जिला अध्यक्ष एवं कार्यकर्ताओं ने किया श्रमदान

देवास। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत विभिन्न सेवा एवं स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की गईं।
देवास के मीना बाजार स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. रायसिंह सेंधव, भाजपा जिला महामंत्री राजेश यादव, भाजपा अजा मोर्चा जिला अध्यक्ष प्रमोद डोंगलिया, जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्पमाला अर्पित कर महात्मा गांधी को श्रद्धासुमन अर्पित किए। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा एवं स्वच्छता के संदेश को स्मरण किया।
वहीं वार्ड क्रमांक 11, 12 एवं 13 में भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. सेंधव एवं भाजपा जिला महामंत्री यादव के मार्गदर्शन में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं वार्डवासियों ने स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की तथा श्रमदान किया। इस दौरान वार्ड को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने का संदेश देते हुए कार्यकर्ताओं ने स्वच्छता के प्रति नागरिकों को जागरूक किया।

स्वच्छता अभियान में भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. सेंधव, जिला महामंत्री यादव, एल्डरमैन दिनेश सांखला सहित वार्डवासी एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अभियान के दौरान सफाई मित्रों का पुष्पमाला पहनाकर सम्मान भी किया गया।
इसी क्रम में भाजपा जिला कार्यालय पर भी महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई गई। भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. सेंधव, जिला महामंत्री यादव, एल्डरमैन सांखला सहित कार्यकर्ताओं ने दोनों महापुरुषों के छायाचित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके आदर्शों को स्मरण किया।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी कमल अहिरवार ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा समाजहित एवं जनसेवा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं।




