सवारी बनकर आया, चाकू दिखाकर टैक्सी चालक से कार व मोबाइल छीना!

बैरागढ़ में वारदात के बाद जंगल के रास्ते छिपाई कार, सिविल लाइन पुलिस ने 8 घंटे में किया खुलासा; विधि से संघर्षरत बालक अभिरक्षा में
देवास। टैक्सी में सवारी बनकर इंदौर से बैठे व्यक्ति ने बैरागढ़ पहुंचने के बाद चालक की गर्दन पर चाकू रखकर कार, आईफोन और नकदी छीन ली। वारदात के बाद लूटी गई कार को सिंगावदा क्षेत्र के जंगल के रास्ते में ले जाकर खड़ा कर दिया गया। सिविल लाइन पुलिस ने करीब 8 घंटे में मामले का खुलासा करते हुए कार बरामद कर एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लिया।
पुलिस के अनुसार टैक्सी चालक अपनी कार को उबर, ओला और रैपिडो पर अटैच कर संचालित करता है। 29 अगस्त को इंदौर रेलवे स्टेशन पर सवारी छोड़ने के दौरान एक व्यक्ति ने उससे देवास के बैरागढ़ से अपने दोस्तों को लेकर उज्जैन जाने के लिए टैक्सी बुक की।
चालक सवारी को लेकर बैरागढ़ स्थित शीतला माता मंदिर के पास पहुंचा। यहां सवारी ने अपने दोस्तों के आने की बात कहते हुए कार रुकवा ली। इसी दौरान करीब 1:15 बजे उसने चाकू निकालकर चालक की गर्दन पर रख दिया और मारपीट करते हुए उसका आईफोन व नकदी ले ली।
चाबी छीनी और चालक को सड़क पर उतारा-
चाकू की धमकी देकर चालक से कार की चाबी भी ले ली। इसके बाद उसे वाहन से नीचे उतार दिया गया। इसके बाद कार लेकर मौके से फरार हो गया। वारदात के बाद चालक ने रास्ते से गुजर रहे एक राहगीर से मदद मांगी। राहगीर के मोबाइल से डायल-112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।
मुखबिर की सूचना से पहुंची पुलिस-
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) गजेंद्रसिंह वर्धमान के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के निर्देशन में थाना प्रभारी सिविल लाइन विजयसिंह लोधी ने पुलिस टीम गठित की। टीम ने वारदात से जुड़े संभावित स्थानों और रास्तों पर जानकारी जुटाना शुरू किया।
इसी दौरान पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सिंगावदा क्षेत्र को लेकर सूचना मिली। पुलिस टीम ने सिंगावदा आरोग्यम अस्पताल के पास जंगल की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर पहुंचकर तलाश की। यहां लूटी गई कार खड़ी मिली। कार के अंदर बाल अपचारी मौजूद था।
पुलिस ने कार, आईफोन और नकदी की बरामद-
पुलिस ने बालक को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में सामने आया कि कार को पुलिस की नजरों से बचाने के उद्देश्य से जंगल के एकांत स्थान पर खड़ा किया गया था। पुलिस ने विधि से संघर्षरत बालक के कब्जे से 8.40 लाख रुपए कीमत की कार, 50 हजार रुपए का आईफोन और 1,500 रुपए नकद बरामद किए। कुल बरामद माल की कीमत 8 लाख 91 हजार 500 रुपए बताई गई है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू भी जब्त किया है।
किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई-
पुलिस द्वारा मामले में विधि से संघर्षरत बालक के संबंध में किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते वारदात के कुछ ही घंटों में लूटी गई कार और अन्य सामान बरामद हो गया।
सराहनीय योगदान- कार्रवाई में थाना प्रभारी सिविल लाइन निरीक्षक लोधी, उप निरीक्षक संजय सौराष्ट्रीय, सहायक उप निरीक्षक कमलपुरी गोस्वामी, प्रधान आरक्षक पवन पटेल, राजू कतरोलिया, आरक्षक हितेश कुशवाह, अरुण चावड़ा, मातादीन धाकड़, सूरजसिंह चौहान का सराहनीय योगदान रहा।




