डस्टर कार में छिपाकर ले जा रहे थे गांजे की खेप, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा; 71 किलो गांजा बरामद

देवास। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 71 किलो गांजे की खेप पकड़ी है।
खातेगांव थाना पुलिस ने जीयागांव-पुरोनी रोड पर घेराबंदी कर रेनॉल्ट डस्टर कार को रोका। तलाशी के दौरान वाहन से करीब 7.10 लाख रुपए कीमत का 71 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने कार में सवार चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
ये भी पढ़ें: MP Police का बड़ा एक्शन: 1.56 करोड़ के गांजा, अफीम और डोडाचूरा जब्त, कई तस्कर गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, जब्त किए गए गांजे और तस्करी में प्रयुक्त कार सहित कुल 17.10 लाख रुपए का माल बरामद किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
20 अगस्त को खातेगांव पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की रेनॉल्ट डस्टर कार क्रमांक MP04CN0755 से कुछ लोग अवैध गांजा लेकर जीयागांव-पुरोनी रोड से गुजरने वाले हैं।
ये भी पढ़ें: नशे के विरूद्ध पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पहाड़ी क्षेत्र में अवैध गांजा की खेती का भंडाफोड़
सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सौम्या जैन के मार्गदर्शन और एसडीओपी कन्नौद आदित्य तिवारी के निर्देशन में थाना प्रभारी खातेगांव निरीक्षक विजय सिंह लोधी ने दो पुलिस टीमों का गठन किया। टीमों को मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर रवाना किया गया।

पुलिस ने ग्राम पंचायत जीयागांव के पास संदिग्ध सफेद डस्टर को घेराबंदी कर रोक लिया। वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को उसमें गांजा मिला। वजन कराने पर गांजे की कुल मात्रा 71 किलोग्राम निकली।
चारों आरोपी रायसेन जिले के
पुलिस ने वाहन में सवार चारों लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में सर्वेश मेहरा (25), गौरव रजक (36), रवि धाकड़ धाकड़ (35) और रामबाबू पटवा (60) शामिल हैं। सभी आरोपी रायसेन जिले के उदयपुरा क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
ये भी पढ़ें: गांजे की अवैध खेती पर दबिश, 246 किलोग्राम गांजा जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में इस्तेमाल की गई रेनॉल्ट डस्टर कार भी जब्त कर ली है। कार की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपए बताई गई है।
सप्लाई नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
मामले में थाना खातेगांव में अपराध दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण कायम किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया है। अब पूछताछ के जरिए गांजे के स्रोत और इसके पीछे जुड़े सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस यह भी पता कर रही है कि गांजा किससे लिया गया था और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था।
कार्रवाई में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह लोधी, उनि यश नाईक, प्र.आर. बलवंत, जितेन्द्र तोमर, प्र.आर. चालक रविन्द्र तोमर, प्र.आर. शिव प्रताप सेंगर (सायबर सेल), प्र.आर. सचिन चौहान, आरक्षक आनंद जाट, राहुल आर्य और मनीष बाथोले का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
ये भी पढ़ें: देवास में ‘एमडी ड्रग्स गैंग’ पर पुलिस का बड़ा प्रहार: 100 पुलिसकर्मियों ने 4 अलग-अलग स्थानों पर दी दबिश




