
देवास। “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देशन में वॉलीबॉल, पिट्टू एवं एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिताओं में विकासखंडों एवं विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के दौरान पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं जिले के समस्त थाना प्रभारियों (टीआई) ने स्वयं खिलाड़ियों के साथ वॉलीबॉल मैच खेला। अधिकारियों को खिलाड़ियों के साथ मैदान में खेलते देख युवाओं में विशेष उत्साह का माहौल रहा।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री गेहलोद ने खिलाड़ियों एवं युवाओं को संबोधित करते हुए संदेश दिया कि “नशे से नाता छोड़ें और खेलों से नाता जोड़ें।” उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, आत्मविश्वास, स्वस्थ जीवनशैली एवं सकारात्मक सोच प्रदान करते हैं। समाज को नशामुक्त बनाने के लिए प्रत्येक युवा को खेलों से जुड़ना चाहिए।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को खेलों के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा समाज में सकारात्मक वातावरण का निर्माण करना है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री गेहलोद द्वारा उपस्थित समस्त खिलाड़ियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई तथा सभी से समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधीक्षक श्री गेहलोद ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि नशे से नाता छोड़ें और खेलों से नाता जोड़ें। स्वस्थ युवा ही सशक्त समाज और सशक्त राष्ट्र का निर्माण करते हैं।




