मालवा-निमाड़ में सौर ऊर्जा उत्पादन अब 77500 स्थानों पर

इंदौर। मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी क्षेत्र में सौर ऊर्जा को लेकर बेहतर प्रतिसाद मिला है। अब तक पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना में 60 हजार से ज्यादा एवं अन्य प्रकार से लगे सोलर को मिलाकर कुल 77 हजार 500 स्थानों पर सौर ऊर्जा उत्पादन हो रहा है।
कंपनी क्षेत्र में सभी योजनाओं को मिलाकर कुल रूफ टॉप सोलर नेट मीटर क्षमता अब 480 मैगावाट हो चुकी है। इंदौर शहर में करीब 30 हजार से ज्यादा स्थानों पर सौर ऊर्जा उत्पादन हो रहा है। वहीं इंदौर ग्रामीण क्षेत्र, उज्जैन, रतलाम जिलों में छह हजार से ज्यादा स्थानों पर सौर ऊर्जा उत्पादन हो रहा है।

यह उपलब्धि मालवा निमाड़ के बिजली उपभोक्ताओं में पर्यावरण हितैषी कदम, बिल में बचत और कार्बन उत्सर्जन में कमी के प्रति सकारात्मक सोच के कारण प्राप्त की जा सकी। बिजली कंपनी के इतिहास में जून माह में करीब छह हजार सोलर की स्थापना भी रिकार्ड रूप में सामने आया है।
कंपनी के प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह ने बताया कि कंपनी के अधिकारी तत्काल मंजूरी दे रहे हैं। मौका मुआयना भी समय पर किया जा रहा है। मप्र विद्युत नियामक आयोग ने रजिस्ट्रेशन शुल्क, मीटर परीक्षण शुल्क एवं एग्रिमेंट के स्टांप से भी छूट देकर एक बड़ी राशि की रियायत दी हैं, इससे अब सोलर अपनाने वालों को अपेक्षाकृत ज्यादा लाभ मिल रहा है।




