क्राइमदेवास

सोनकच्छ के जंगल क्षेत्र में पिकअप का टायर फटा, महिलाओं से भरे वाहन को मिली तत्काल मदद

एक कॉल और तुरंत पहुंची मदद...देवदूत बनी डायल-112, मिनटों में पहुंची पुलिस; टायर बदलवाकर सुरक्षित रवाना किया

Share

 

देवास। देवास पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया कि आपात स्थिति में डायल-112 आमजन के लिए जीवनरक्षक सेवा बन चुकी है।

गुरुवार सुबह सोनकच्छ थाना क्षेत्र में इंदौर से भोपाल जा रहा महिलाओं से भरा एक पिकअप वाहन अचानक टायर फटने के कारण बीच रास्ते में रुक गया। जंगल क्षेत्र में वाहन खराब होने से यात्रियों, खासकर महिलाओं में चिंता का माहौल बन गया।

घटना की सूचना सुबह 5:25 बजे राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देशानुसार निकटतम एफआरवी-10 को तत्काल मौके पर रवाना किया गया।

एफआरवी टीम ने दिखाई तत्परता
कुछ ही समय में मौके पर पहुंचे सैनिक रमेश बामनिया और पायलट कुलदीप शर्मा ने स्थिति का जायजा लिया। जांच में पता चला कि पिकअप वाहन का टायर फटने से वह जंगल क्षेत्र में फंस गया था। पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए वाहन का टायर ठीक करवाने की व्यवस्था कराई और वाहन को दोबारा चलने योग्य बनाया। इसके बाद सभी महिला यात्रियों और वाहन चालक को सुरक्षित उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।

यात्रियों ने जताया आभार
समय पर मिली पुलिस सहायता से राहत महसूस करते हुए वाहन चालक और सभी महिला यात्रियों ने देवास पुलिस एवं डायल-112 टीम की त्वरित कार्यवाही की सराहना की और उनका आभार व्यक्त किया।

आपात स्थिति में डायल-112 करें
देवास पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपातकालीन स्थिति, सड़क दुर्घटना, वाहन खराब होने, विवाद या अन्य संकट की स्थिति में बिना देर किए डायल-112 पर कॉल करें। पुलिस आपकी सुरक्षा और सहायता के लिए 24 घंटे तत्पर है।

Back to top button