देवास

तेज आंधी का असर: बड़ी माता मंदिर के छज्जे का हिस्सा गिरा, टला बड़ा हादसा

Share

 

शहर में कई स्थानों पर मकानों और दुकानों की टीन-चद्दरें भी उड़ी

देवास। शनिवार दोपहर अचानक चली तेज आंधी ने शहर में कई जगह नुकसान पहुंचाया। टेकरी स्थित प्रसिद्ध बड़ी माता मंदिर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बड़ी माता मंदिर की लगभग 20 वर्ष पुरानी छत का एक छोटा हिस्सा भरभराकर नीचे गिर पड़ा।

राहत की बात यह रही कि हादसे के समय मंदिर परिसर में कोई श्रद्धालु मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार दोपहर करीब 3:15 बजे की है। शहर में तेज हवा और आंधी के बीच मंदिर की छत का एक छोटा हिस्सा अचानक टूटकर परिसर के सामने वाले क्षेत्र में आ गिरा। मंदिर के पुजारी ने बताया कि घटना के समय मंदिर के उस हिस्से में कोई भक्त मौजूद नहीं था। यदि वहां श्रद्धालु खड़े होते तो गंभीर हादसा हो सकता था। उन्होंने बताया कि मंदिर की यह छत करीब दो दशक पुरानी है।

आंधी के चलते शहर के अन्य इलाकों में भी नुकसान की खबरें सामने आई हैं। कई स्थानों पर मकानों और दुकानों की टीन-चद्दरें उड़ गईं, जबकि कुछ जगह पेड़ों की शाखाएं भी टूटकर गिर गईं। बिजली के तारों को भी नुकसान हुआ, जिससे कई स्थानों पर बिजली गुल हो गई।

करीब 15 मिनट तक चली तेज हवा के बाद हल्की बारिश हुई, जिससे मौसम में ठंडक घुल गई। बारिश थमने के कुछ समय बाद आसमान साफ हो गया और धूप निकल आई।

Back to top button