क्राइम

देवास में फिल्मी अंदाज में अपहरण: चालक को कार में उठाकर ले गए बदमाश, बंधक बनाकर की वसूली

Share

 

टक्कर मारकर रची थी साजिश, 48 घंटे में पुलिस ने किया आरोपियों को गिरफ्तार

देवास। शहर में एक सनसनीखेज अपहरण और जबरन वसूली के मामले का खुलासा करते हुए नाहर दरवाजा पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपियों ने पहले एक लोडिंग वाहन चालक की गाड़ी में टक्कर मारी, फिर विवाद के बहाने उसके साथ मारपीट कर उसे जबरन कार में बंधक बना लिया। आरोपियों ने चालक को विभिन्न सुनसान स्थानों पर ले जाकर मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर उसके खाते से ऑनलाइन रुपये भी ट्रांसफर करा लिए।

पुलिस के अनुसार फरियादी दीपेश सोनी (23) निवासी वृंदावन धाम कॉलोनी ने 3 जून को थाना नाहर दरवाजा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 1 जून की रात करीब 9:45 बजे वह अपनी लोडिंग गाड़ी में सीएनजी भरवाने के लिए एबी रोड बायपास स्थित देवकर फ्यूल्स पेट्रोल पंप गया था। सीएनजी भरवाने के बाद जैसे ही वह पंप से बाहर निकला, पीछे से आई एक मारुति कार ने उसकी गाड़ी को टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद कार से उतरे दो युवकों ने वाहन क्षति का हवाला देते हुए पहले गाली-गलौज की और फिर मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने चालक से 20 हजार रुपये की मांग की। जब उसने रुपये देने से इनकार किया तो दोनों ने उसका मोबाइल फोन और वाहन की चाबी छीन ली तथा जबरन अपनी कार में बैठाकर ले गए।

फरियादी ने बताया कि आरोपी उसे अलग-अलग स्थानों पर घुमाते रहे और लगातार मारपीट करते रहे। इस दौरान जान से मारने की धमकी देकर उसके मोबाइल से PhonePe खाते की जानकारी हासिल की गई और उसके खाते से ₹4,437 अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए गए। इसके बाद आरोपी उसे छोड़कर फरार हो गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) जयवीर सिंह भदौरिया और नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी आलोक सोनी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। जांच के दौरान घटना में प्रयुक्त मारुति कार क्रमांक MP13 AK 0785 की पहचान हुई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी अनिकेत ठाकुर और दीपेन्द्र ठाकुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।

कार और मोबाइल फोन जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मारुति फ्रॉन्क्स कार क्रमांक MP13 AK 0785, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ₹9.56 लाख है, जब्त कर ली है। घटना में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन भी पुलिस ने बरामद कर लिए हैं। आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

गिरफ्तार आरोपी
– अनिकेत ठाकुर (26 वर्ष), निवासी गोपालपुरा, थाना पार्वती, जिला सीहोर
– दीपेन्द्र ठाकुर (30 वर्ष), निवासी ग्राम गोपालपुरा, जिला सीहोर

इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी आलोक सोनी, उप निरीक्षक राकेश बौरासी, सहायक उपनिरीक्षक कमल झोड़िया, प्रधान आरक्षक भगवान राठौर, आरक्षक नवदीप महाजन, विशाल मुवेल, बृजेश तथा साइबर सेल के प्रधान आरक्षक शिवप्रताप सिंह सेंगर और सचिन चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 

Back to top button