रात के अंधेरे में खेतों से उड़ाता था पनडुब्बी मोटरें, आखिर पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर आरोपी

– 55 हजार रुपए कीमत की 8 मोटरें जब्त
देवास। किसानों के खेतों से पनडुब्बी मोटरें चोरी कर सिंचाई व्यवस्था को प्रभावित करने वाले एक शातिर चोर को विजयागंज मंडी पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई 8 पनडुब्बी मोटरें बरामद की हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 55 हजार रुपए बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से ही 14 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद द्वारा जिले में चोरी और नकबजनी की घटनाओं पर नियंत्रण लगाने तथा आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में थाना विजयागंज मंडी क्षेत्र के ग्राम बिजेपुर में पानी की पनडुब्बी मोटर चोरी होने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर थाना विजयागंज मंडी में अपराध क्रमांक 73/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी और चोरी गए माल की बरामदगी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एच.एन. बाथम के मार्गदर्शन एवं उप पुलिस अधीक्षक (एल.आर.) बबिता बामनिया के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक सुनीता कटारा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। ये भी पढ़ें: टोंकखुर्द पुलिस ने मोटर पंप चोरी करने वाले गिरोह का किया पर्दाफाश
जांच के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की। जांच में ग्राम टोंककला निवासी पप्पू पिता गोरेलाल झाला (42 वर्ष) की पहचान हुई, जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने मोटर चोरी की वारदातों को स्वीकार कर लिया। संबंधित खबर: खेतों से मोटर चोरी करने वाले दो शातिर बदमाश गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई 8 पनडुब्बी मोटरें बरामद की हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 55 हजार रुपए आंकी गई है। बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की।
आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी पप्पू झाला के विरुद्ध पूर्व से 14 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुनीता कटारा, सहायक उप निरीक्षक रामकुमार चौहान, सुरेश ठक्कर, प्रधान आरक्षक संतोष नवरंग, तूफान सिंह, आरक्षक विक्की जूनवाल, राहुल, जीवन, विनीत, संजय तथा चालक सुनील की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




