सूने मकानों का ताला तोड़कर लाखों की चोरी करने वाला गिरोह गिरफ्तार

महिलाओं को साथ लेकर करते थे रैकी, 12.50 लाख की चोरी का माल बरामद
ऑपरेशन त्रिनेत्रम का बड़ा खुलासा, CCTV फुटेज ने खोली संगठित गिरोह की पोल
देवास। सूने मकानों को निशाना बनाकर लाखों रुपए की चोरी करने वाले एक शातिर संगठित गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। खास बात यह है कि गिरोह कार में महिलाओं को बैठाकर पहले कॉलोनियों में घूमकर रैकी करता था, ताकि किसी को उन पर शक न हो। इसके बाद आरोपी बंद मकानों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।
“ऑपरेशन त्रिनेत्रम” के तहत सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से कोतवाली पुलिस ने दो महिला आरोपियों सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर 12.50 लाख रुपए का चोरी गया माल बरामद किया है।
CCTV कैमरों ने खोली चोरों की पूरी कहानी
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि कोतवाली थाना क्षेत्र में लगातार हुई दो बड़ी चोरियों के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम गठित की थी। घटनास्थलों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के दौरान संदिग्ध गतिविधियां सामने आईं। फुटेज में आरोपी एक ईयोन कार (MP09 CL 2044) से क्षेत्र की रैकी करते और चोरी के बाद भागते हुए दिखाई दिए। “ऑपरेशन त्रिनेत्रम” के तहत शहर में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस ने आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
जबलपुर गए परिवार के घर को बनाया निशाना
पहली घटना 29 मई को सामने आई थी। सिविल लाइन निवासी आदेश कुमार उइके अपने परिवार के साथ जबलपुर गए हुए थे। इस दौरान बदमाशों ने उनके मकान का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और अलमारी में रखे डायमंड मंगलसूत्र, डायमंड ईयरिंग, दो टाइटन घड़ियां तथा 5 हजार रु नकदी चोरी कर ली।
पड़ोसियों की सूचना पर जब परिवार वापस लौटा तो चोरी का खुलासा हुआ। इसके बाद कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
ईद मनाने गए परिवार के घर से लाखों का सामान पार
दूसरी घटना कर्मचारी कॉलोनी में हुई। फरियादी वसीम शेख अपने परिवार के साथ ईद का त्योहार मनाने उज्जैन गए हुए थे। इसी दौरान बदमाशों ने सूने मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और लॉकर तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, नगदी, लैपटॉप सहित अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया।
दोनों घटनाओं की जांच के दौरान पुलिस को एक ही गिरोह की संलिप्तता के संकेत मिले।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) जयवीर सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के निर्देशन में थाना प्रभारी श्यामचंद्र शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने चोरी करना स्वीकार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी-
– जयंत मीणा (19 वर्ष), निवासी आनंद नगर, देवास।
– आकाश उर्फ शूटर चौहान (26 वर्ष), निवासी बद्रीधाम नगर, देवास।
– चेतना सोलंकी पति अल्तमस खान (30 वर्ष), जवाहर नगर, देवास
– चिंकी उर्फ प्रिया पति अजय कटारा (23 वर्ष), जयश्री नगर, देवास
12.50 लाख का माल और कार जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया पूरा माल बरामद कर लिया है। बरामद सामग्री में सोने-चांदी के आभूषण, हीरे का मंगलसूत्र, ईयरिंग, आसुस लैपटॉप, घड़ियां और 22 हजार रुपये नकद शामिल हैं। कुल बरामद माल की कीमत लगभग 12.50 लाख रुपये बताई गई है।
इसके अलावा वारदात में प्रयुक्त ईयोन कार और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

SP बोले- अपराधियों पर रहेगी सख्त नजर
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने कहा कि संपत्ति संबंधी अपराधों पर नियंत्रण के लिए पुलिस लगातार तकनीकी संसाधनों और सीसीटीवी नेटवर्क का उपयोग कर रही है। “ऑपरेशन त्रिनेत्रम” भविष्य में भी अपराधियों के खिलाफ प्रभावी हथियार साबित होगा और ऐसे संगठित गिरोहों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।




