देवास बायपास पर आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, कार से 14 पेटी शराब जब्त; आरोपी गिरफ्तार

देवास। जिले में अवैध मदिरा के संग्रहण, परिवहन और विक्रय के विरुद्ध आबकारी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। रविवार को आबकारी विभाग ने देवास बायपास पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से 14 पेटी देशी एवं विदेशी मदिरा जब्त की। मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देशन तथा सहायक आबकारी आयुक्त मनीष खरे के मार्गदर्शन में अवैध मदिरा के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक अल्टो कार क्रमांक एमपी-09 सीई 7390 में अवैध मदिरा का परिवहन इंदौर की ओर से मक्सी बायपास की ओर किया जा रहा है।
सूचना के आधार पर आबकारी विभाग की टीम ने देवास बायपास स्थित रेती मंडी के समीप नाकाबंदी की। कुछ समय बाद सूचना में बताए गए वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली गई। जांच के दौरान वाहन से 10 पेटी देशी मदिरा प्लेन, एक पेटी मसाला मदिरा तथा तीन पेटी बीयर कैन बरामद हुई। कुल 135 बल्क लीटर देशी एवं विदेशी मदिरा वाहन में अवैध रूप से संग्रहित एवं परिवहन की जा रही थी।
ढाबों और संदिग्ध स्थानों पर छापा, 37 हजार की अवैध शराब जब्त
आबकारी अधिकारियों ने बताया कि मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) एवं 34(2) का उल्लंघन पाए जाने पर आरोपी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि जब्त मदिरा किस दुकान या स्रोत से लाई गई थी तथा इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था।
कार्रवाई के दौरान जब्त मदिरा एवं वाहन सहित कुल सामग्री का अनुमानित मूल्य करीब 2 लाख 5 हजार रुपये आंका गया है। आबकारी विभाग का कहना है कि जिले में अवैध मदिरा के कारोबार के विरुद्ध इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक प्रेम यादव, मुख्य आरक्षक दीपक धुरिया, आरक्षक निहाल खत्री, दीपक तटवाड़े तथा सैनिक किशोर सिसोदिया एवं अनिल चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





