कलेक्टर ऋतुराज सिंह की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित

टीकाकरण कार्यक्रम की मॉनिटरिंग में लापरवाही पर समस्त बीईई का 15 दिवस, संबंधित संस्था की एएनएम का तीन दिवस एवं सुपरवाइजर का 7 दिवस का वेतन काटने के निर्देश
देवास। कलेक्टर ऋतुराज सिंह की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में स्वास्थ्य विभाग की जिला स्वास्थ्य समिति बैठक आयोजित हुई। बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम की विस्तृत समीक्षा की।
उन्होंने अनमोल पोर्टल में जिले की गर्भवतियों का एएनसी पंजीयन लक्ष्य के विरुद्ध मात्र 72.26 प्रतिशत होने पर नाराजगी व्यक्त कर एक सप्ताह में शतप्रतिशत पंजीयन किए जाने हेतु निर्देशित किया। बैठक में समस्त विकासखंड का अनुपातिक लक्ष्य 6809 के विरुद्ध 4920 ही पंजीयन गर्भवती का हुआ है।
कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि अभियान चलाकर आशा कार्यकर्ता एवं एएनएम के माध्यम से शत प्रतिशत गर्भवती महिलाओं का पंजीयन किया जाए। शहरी क्षेत्र और कन्नौद के अंतर्गत पंजीयन कार्य में लापरवाही बरतने पर एएनएम को कारण बताओ पत्र जारी किए जाने हेतु विकासखंड चिकित्सा अधिकारी कन्नौद को निर्देशित किया गया।
कलेक्टर श्री सिंह ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत समीक्षा की गर्भावस्था के दौरान गर्भवती महिलाओं में मॉडरेट एनीमिक और सीवियर एनीमिक महिलाओं का प्रतिशत प्रबंधन करने के शख्त निर्देश दिए। जिन महिलाओं को ब्लड ट्रांसफ्यूजन किया जाता है उनको अनिवार्यता 500 रुपए की राशि प्रदाय की जाने के निर्देश भी दिए।
इस दौरान बताया गया कि जिले में एनीमिया प्रबंधन के तहत अप्रैल से मई तक 83 महिलाओं का ब्लड ट्रांसफ्यूजन कर चिकित्सकीय प्रबंधन किया गया। पीआईएच के अंतर्गत 417 गर्भवती महिलाओं को चिन्हित किया गया। इसमें से 319 महिलाओं का प्रबंधन किया गया।समस्त गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व चार जांच के तहत जिले में कुल 7039 महिलाओं का पंजीयन किया गया। जिसमें से 3035 महिलाओं की चार जांच गई जो कि 43.1 प्रतिशत हुआ है। आगामी माह तक 75 प्रतिशत से अधिक चार जांच समय सीमा में करने के निर्देश समस्त विकासखंड चिकित्सा अधिकारी को दिए अन्यथा संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी।
कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सिविल अस्पताल एवं जिला चिकित्सालय में होने वाले प्रसव का अपडेशन प्रति दिवस किया जाए, साथ ही हाई-रिस्क महिला को आशा कार्यकर्ता एवं एएनएम के माध्यम से दो से तीन दिवस पूर्व संस्था स्तर पर प्रसव हेतु बर्थ वेटिंग रूम में भर्ती कराया जाए एवं पोर्टल पर जानकारी भी अपडेट की जाए जिला चिकित्सालय देवास में 30 प्रतिशत महिलाएं ही बर्थ वेटिंग रूम में भर्ती हुई इस हेतु नाराजगी व्यक्त की गई है समस्त विकासखंड में एडमिशन की एंट्री किए जाने हेतु निर्देशित किया गया।
कलेक्टर श्री सिंह ने बैठक में यूविन पोर्टल अंतर्गत टीकाकरण कार्यक्रम की समीक्षा की। जिसमें शहरी क्षेत्र देवास अंतर्गत अनुपातिक लक्ष्य के विरुद्ध 66 प्रतिशत की उपलब्धि हुई है, विकासखंड सोनकच्छ चल अंतर्गत 50 प्रतिशत की उपलब्धि हुई है, बागली अंतर्गत 45 प्रतिशत की उपलब्धि हुई है, बरोठा अंतर्गत 51 प्रतिशत टोंकखुर्द के अंतर्गत 68 प्रतिशत, खातेगांव के अंतर्गत 67 प्रतिशत कन्नौद के अंतर्गत 57 प्रतिशत व जिले के अंतर्गत कुल 57 प्रतिशत उपलब्धि होने पर नाराजगी व्यक्ति की गई।
समीक्षा और मॉनिटरिंग में लापरवाही पर समस्त बी.ई.ई ( खंड विस्तार प्रशिक्षक) का 15 दिवस का वेतन काटने का निर्देश दिए गए। कम उपलब्धि पर संबंधित संस्था की एएनएम का तीन दिवस का वेतन एवं सुपरवाइजर का 7 दिवस का वेतन काटे जाने हेतु मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं संबंधित विकासखंड चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया। यदि 7 दिवस में प्रगति उपलब्धि नहीं आती है तो पद से पृथक किए जाने हेतु कार्रवाई किए जाने हेतु निर्देशित किया गया।
कलेक्टर श्री सिंह द्वारा सीएम हेल्पलाइन अंतर्गत शिकायतों की समीक्षा की गई शिकायतकर्ता से तत्काल बात कर शिकायतों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। शिकायतकर्ता से अच्छे से बात की जाए और उसकी शिकायत का संज्ञान लिया जाए। अस्पताल में पैरामेडिकल, नर्सिंग स्टाफ के व्यवहार में सुधार किए जाने हेतु निर्देशित किया गया। शिकायतों का निराकरण किये जाने के लिए सिविल सर्जन से अस्पताल अधीक्षक एवं समस्त विकासखंड चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया गया।
बैठक में बताया गया कि आगामी जून माह में पल्स पोलियो कार्यक्रम संचालित किया जाएगा जो कि 28 जून से 30 जून तक समस्त ग्राम स्तर पर किया जाएगा जिसमें 1 लाख 86 हजार 252 बच्चों को दवाई पिलाई जाएगी। कलेक्टर श्री सिंह ने अभियान के संबंध में निर्देश दिए कि विकास खंड स्तर पर समस्त क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण अनिवार्यता किया जाए।
बैठक में बताया गया कि जिला चिकित्सालय के एस.एन.सी.यू में कुल 285 नवजात शिशु को भर्ती किया जाकर उचित चिकित्सकीय प्रबंधन किया गया जिसमें से 214 का उचित प्रबंधन ,उपचार कर स्वस्थ शिशु को डिस्चार्ज किया गया, आशा कार्यक्रम अंतर्गत गृह आधारित नवजात शिशु देखभाल अंतर्गत जिले में कुल 3 हजार 319 बच्चों का जन्म 1 अप्रैल 2026 से 28 मई तक हुआ है। जिसमें कुल 2851 शिशु का गृह आधारित नवजात देखभाल आशा कार्यकर्ता एवं एएनएम के माध्यम से की गई, विकासखंड बरोठा में कुल 468 शिशु अनमोल पर पंजीकृत जिसमें से 345 शिशुओं का गृह आधारित देखभाल किया गया। जो की 73.72 प्रतिशत है। इस हेतु विकासखंड कम्युनिटी मोबिलज़र सुनीता सोलंकी को निर्देशित किया गया कि शतप्रतिशत बच्चों का गृह आधारित देखभाल होना चाहिए कोई भी बच्चा नहीं छूटना चाहिए। जिला चिकित्सालय की एनआरसी में 495 बच्चों का एडमिशन कर कुपोषित बच्चों के प्रबंधन किया गया।
बैठक में बताया गया कि जिले में किलकारी अभियान संचालित किया जा रहा है। जिससे बच्चों को कुपोषण से मुक्ति मिल सके। बैठक में जिला क्षय अधिकारी डॉ अमरीन शेख ने बताया कि टीबी मुक्त भारत अभियान अंतर्गत समस्त विकास खंड में टीबी की रोकथाम हेतु संदिग्ध मरीजों का परीक्षण किया जा रहा है। जो की 24 मार्च 2026 से अब तक 35 हजार 505 मरीज का परीक्षण किया जा चुका है। इनमें 19 हजार 970 मरीज का एक्स-रे भी किया गया है टी.बी मुक्त भारत अभियान अंतर्गत टीबी के मरीजों को फूड बॉस्केट वितरित की जा रही है ताकि संबंधित मरीज का पोषण आहार ठीक हो सके और बीमारी से लड़ने की क्षमता भी संबंधित मरीज में विकसित हो सके, टीबी मुक्त भारत कार्यक्रम अंतर्गत जिले में कुल 284 गांव चिन्हित है जिसमें से 103 गांव में स्क्रीनिंग की जा चुकी है अन्य गांव में भी स्क्रीनिंग का कार्य सतत जारी है।
आयुष्मान कार्ड की समीक्षा की गई जिसमें पाया गया कि जिले में 70 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों के कुल लक्ष्य 71 हजार 743 है। अब तक 36 हजार 167 वरिष्ठ नागरिकों का आयुष्मान कार्ड बनाया गया है जो की 50.4 1 प्रतिशत है। जिले में धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कर्ष अभियान अंतर्गत विकासखंड बागली, कन्नौद एवं खातेगांव में शत प्रतिशत नागरिकों का आयुष्मान कार्ड बनाया जाना है। जिले का लक्ष्य 82 हजार 557 है जिसमें से 74 हजार 388 का आयुष्मान कार्ड बनाया जा चुका है जो की 88.89 प्रतिशत है। कलेक्टर श्री सिंह ने आगामी दो दिवस में शनिवार एवं रविवार को अभियान चला कर आयुष्मान कार्ड बनाए जाने हेतु समस्त विकासखंड चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया गया, सिविल वर्क के कार्य समय सीमा में पूर्ण किए जाने हेतु विभाग के इंजीनियर को निर्देशित किया गया।
बैठक में संयुक्त कलेक्टर अंशु जावला, प्रभारी मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी, डॉ अमरीन शेख, कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास, समस्त कार्यक्रम अधिकारी, समस्त विकासखंड चिकित्सा अधिकारी, बीपीएम, बीसीएम, बी.ई.ई, शहरी क्षेत्र देवास क्षेत्र से मेडिकल ऑफिसर, महिला बाल विकास से समस्त परियोजना अधिकारी उपस्थित थे।



