वरिष्ठजन समाज की अमूल्य धरोहर, उनके अनुभव से मिलती है समाज को सही दिशा

कलेक्टर ऋतुराज सिंह के मुख्य आतिथ्य में देवास वरिष्ठ नागरिक संस्था का स्थापना दिवस कार्यक्रम हुआ
देवास। वरिष्ठजन समाज की अमूल्य धरोहर हैं, उनके अनुभव और मार्गदर्शन से ही समाज को सही दिशा मिलती है। कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने बुधवार को मल्हार स्मृति मंदिर परिसर में आयोजित वरिष्ठ नागरिक संस्था के स्थापना दिवस समारोह में संस्था के 30 वर्षों के सफर को गौरवपूर्ण बताते हुए वरिष्ठजनों के योगदान को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
कार्यक्रम में कलेक्टर श्री सिंह ने वरिष्ठ नागरिक संस्था के स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह मेरे लिए गौरव की बात कि मैं इस आयोजन का हिस्सा बना, जिसमें जिले के सम्मानीय वरिष्ठ नागरिक सदस्य हैं, जिन्होंने अपने उल्लेखनीय कार्यों से समाज के नागरिकों की नि:स्वार्थ भाव से सेवा की है। उन्होंने कहा कि आप सभी के प्रयासों से संस्था में बहुत खुशनुमा माहौल बना हुआ है।

उन्होंने सभी वरिष्ठ नागरिकों के लिए यह शुभकामना व्यक्त की कि उनका जीवन स्वस्थ और प्रसन्नतापूर्ण रहे। उन्होंने बताया कि आगामी समय में संपूर्ण जिले में नागरिकों के नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा। नागरिक संस्था से जुड़कर संस्था को सुदृढ़ बनाएं। उन्होंने कहा कि प्रशासन हमेशा संस्था के लिए हमेशा तत्पर है।
इस अवसर पर वेदांता अस्पताल के डायरेक्टर डॉ. भरत रावत ने सभी को सलाह दी कि आवश्यकता से अधिक और आवश्यकता कम से उपचार से बचें। उन्होंने बताया कि सभी को प्रतिदिन दो किलोमीटर पैदल चलना चाहिए एवं नियमित व्यायाम व सूर्य नमस्कार करना चाहिए, जिससे बीपी, शुगर, हृदय संबंधी रोगों आदि से बचा जा सके। उन्होंने सभी को धुम्रपान एवं मदिरापान न करने की सलाह दी। उन्होंने सलाह दी कि छोटी-छोटी बातों पर मुस्कुराना सीखें एवं दूसरें के चेहरे पर भी मुस्कुराहट लाएं। उन्होंने सभी से सादगी भरा जीवन जीने की बात कही।

इस कार्यक्रम में बताया गया कि इस संस्था की स्थापना 8 अप्रैल 1997 में डॉ. एम.व्ही भाले एवं डॉ. डीपी श्रीवास्तव ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर की थी जो कि आज तक निरंतर गतिमान है। संस्था का मूल उद्देश्य समाज में हाशिये पर जाते वरिष्ठजनों का जीवन सुखद एवं स्वथ्य रहे इसके लिए निरंतर प्रयास करना है। इस कार्य हेतु संस्था द्वारा प्रत्येक क्षेत्र के वरिष्ठजनों को सदस्य बनाया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि संस्था ने देवास में ही नहीं बल्कि प्रदेश एवं राष्ट्र स्तर पर भी अपने कार्यों से अमिट पहचान बनाई है। इस अवसर पर कलेक्टर श्री सिंह द्वारा संस्था के सदस्यों को समाज में उल्लेखनीय कार्य करने पर शॉल-श्रीफल देकर सम्मानित किया गया।
इस दौरान महाप्रबंधक बैंक नोट प्रेस केदारनाथ महापात्रा, सामाजिक न्याय विभाग की अधिकारी संगीता यादव, डायरेक्टर विद्यांचल अकेडमी दिनेश गुप्ता, वरिष्ठ नागरिक संस्था के पदाधिकारी ओपी पराशर, गंगासिंह सोलंकी, कैलाशचंद्र नागर उपस्थित थे।




