खेत-खलियान

नकली कीटनाशक बेचने वाले तीन लोगों पर एफआईआर दर्ज

Share

 

क्षेत्र के किसानों के साथ धोखाधड़ी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़

देवास। कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने निर्देश दिए हैं कि जिले के किसानों को अच्छी क्वालिटी के खाद, बीज एवं कीटनाशक मिले। उन्होंने कहा कि जिले में अगर कोई भी नकली या मिलावटी खाद, बीज एवं कीटनाशक बेचते हुए पाए जाए तो उन पर कार्रवाई करें।

इसी कड़ी में कृषि विभाग ने कार्रवाई करते हुए क्षेत्र के किसानों के साथ धोखाधड़ी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। कृषि विभाग द्वारा नकली कीटनाशक बेचने के आरोप में तीन व्यक्तियों को पकड़ा गया तथा उनके पास से भारी मात्रा में अवैध उत्पाद और एक कार बरामद की है।

उपसंचालक कृषि गोपेश पाठक ने बताया कि वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी खातेगांव को सूचना प्राप्त हुई थी कि कुछ व्यक्ति एक सफेद रंग की कार में स्टिका न्यूट्रीकेम प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के नाम पर नकली कीटनाशक स्टिका डिफेंडर एफ-16 बाजार में बेचने का प्रयास कर रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस और कृषि विभाग की टीम ने घेराबंदी कर उक्त वाहन को रोका। तलाशी के दौरान वाहन से 50 लीटर नकली कीटनाशक बरामद किया गया, जो बिना किसी वैध लाइसेंस या पंजीकरण के बेचा जा रहा था।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है, जिसमें राजू मोरान्या निवासी सनावद, मनोज बिरला निवासी खेड़ीबुजुर्ग जिला खंडवा एवं शांतिलाल चौधरी निवासी राईझर जिला खरगोन को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के विरुद्ध कीटनाशी अधिनियम 1968 की धारा 29 (1) (क), 29 (1) (ख), 29 (1) (ग), और भारतीय न्याय संहिता की धारा 318 (4) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।

कृषि विभाग के अधिकारियों ने बरामद उत्पाद को पूरी तरह से नकली पाया है, जिससे किसानों की फसल और मिट्टी को गंभीर नुकसान पहुँच सकता था। कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही कृषि इनपुट खरीदें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या उत्पाद की जानकारी तत्काल अपने क्षेत्र के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी को दें।

Back to top button