खेत-खलियान

जल गंगा संवर्धन अभियान 2.0 का शुभारंभ, ग्रामीणों ने जल संरक्षण के लिए किया श्रमदान

Share

 

बेहरी/बागली (हीरालाल गोस्वामी)। मुख्यमंत्री के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में संचालित “जल गंगा संवर्धन अभियान 2.0” का जनपद बागली की समस्त ग्राम पंचायतों में शुभारंभ किया गया।

जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने के उद्देश्य से शुरू किए गए इस अभियान में जनभागीदारी को विशेष महत्व दिया जा रहा है। इसी क्रम में ग्राम पंचायत गुवाड़ी में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां ग्रामीणों ने एकजुट होकर श्रमदान किया और गांव के प्राचीन एवं ऐतिहासिक तालाब के गहरीकरण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि “जल है तो कल है” केवल एक नारा नहीं, बल्कि हमारी जीवनशैली का आधार है। जल संरक्षण के बिना सतत विकास की कल्पना संभव नहीं है।

वक्ताओं ने बताया कि प्रदेश सरकार का यह अभियान न केवल जल स्रोतों के संरक्षण में सहायक सिद्ध होगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए जल सुरक्षा सुनिश्चित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। ग्रामीणों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए संदेश दिया कि सरकार के साथ समाज की सहभागिता से ही जल संरक्षण संभव है। तालाब के गहरीकरण से वर्षा जल का अधिक संचय होगा, जिससे भूजल स्तर में वृद्धि के साथ कृषि कार्यों को भी लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने जल संरक्षण के प्रति जागरूक रहने और अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने का संकल्प लिया। अभियान के अंतर्गत आगामी दिनों में जनपद बागली की अन्य ग्राम पंचायतों में भी तालाब, कुएं एवं अन्य जल संरचनाओं के संरक्षण व संवर्धन के कार्य व्यापक स्तर पर किए जाएंगे।

Back to top button