रंग और उल्लास के बीच शुभ मुहूर्त में हुआ होलिका दहन

भौंरासा (मनोज शुक्ला)। नगर में होली का पर्व श्रद्धा, उत्साह और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। पूर्णिमा के अवसर पर विभिन्न मोहल्लों और चौराहों पर होलिका सजाई गई।
इस वर्ष चंद्रग्रहण के कारण शुभ मुहूर्त का विशेष ध्यान रखते हुए तड़के प्रातः 5:31 बजे नरसिंह मंदिर चौक पर विधिवत होलिका पूजन एवं दहन संपन्न हुआ।
नगर पुरोहित संजय जोशी एवं मनोज जोशी ने मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कराई। नगर वसूली पटेल जसवंत सिंह राजपूत ने भी परंपरागत विधि से पूजन किया। दहन के उपरांत पुनः विधि-विधान से पूजा की गई तथा होली की अग्नि में उबिया (गेहूं की बालियां) सेंकी गईं।
नगर के लोधी मोहल्ला, बस स्टैंड, छोटा हनुमान चौक, टंकी चौराहा, नरसिंह चौक, कुमावत मोहल्ला, माली मोहल्ला और मालवीय मोहल्ला सहित विभिन्न स्थानों पर महिलाओं एवं बच्चों ने रात्रि में होलिका पूजन किया।
इस अवसर पर जीवन सिंह ठाकुर, शेखर ठाकुर, कैलाश सिंह ठाकुर, हेमेंद्र सिंह ठाकुर, रमेश ठाकुर, धर्मेंद्र ठाकुर, ओमप्रकाश जायसवाल, शैलेंद्र ठाकुर, भादर सिंह ठाकुर, धीरेंद्र ठाकुर, जगदीश पांचाल, भुरू दरबार, मुकम सिंह ठाकुर सहित नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। थाना प्रभारी अनीता सिंह एवं पुलिस स्टाफ ने भी कार्यक्रम में मौजूद रहकर व्यवस्था संभाली।
होलिका दहन के बाद प्रातःकाल नगर के विभिन्न समाजों द्वारा ढोल-नगाड़ों के साथ पारंपरिक गेर निकाली गई। गेर में शामिल लोग शोकाकुल (गमी वाले) परिवारों के यहां पहुंचे और उन्हें रंग-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।





