सेवा की पहल: मां चामुंडा सेवा समिति ने दिव्यांग बच्चों को वितरित किए स्कूली बैग

देवास। मानव सेवा को जीवन का संकल्प बनाकर वर्षभर सेवा कार्यों में जुटी मां चामुंडा सेवा समिति ने एक बार फिर सेवा और संवेदना की मिसाल पेश की। मंडी धर्मशाला में आयोजित सादगीपूर्ण समारोह में समिति की ओर से दिव्यांग स्कूली बच्चों को तिलक लगाकर स्कूली बैग भेंट किए गए। नए बैग पाकर बच्चों के चेहरों पर खिली मुस्कान समारोह का सबसे भावुक और खुशनुमा पल रही।
समिति संचालक रामेश्वर जलोदिया के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में समिति संरक्षक नारायण व्यास, नरेंद्र मिश्रा, शिवनारायण पाठक, समाजसेवी संजय पोरवाल, सोहन अग्रवाल, आशीष जैन, हिम्मत सिंह पवार, गौरीशंकर महादेव उपस्थित रहे। इस अवसर पर रामेश्वर जलोदिया ने कहा कि हर नागरिक को अपनी सामर्थ्य के अनुसार मानव सेवा के लिए आगे आना चाहिए। खुशी बांटने से कम नहीं होती, बल्कि और बढ़ती है। यदि हमारी छोटी-सी पहल से किसी एक व्यक्ति के चेहरे पर भी मुस्कान आ जाए और उसके जीवन में सुख का एक पल जुड़ जाए, तो इससे बड़ी सेवा और क्या हो सकती है।
उन्होंने कहा कि मानव सेवा ईश्वर सेवा के समान है। जब व्यक्ति के भीतर सेवा का भाव जागता है, तो वह हर दृष्टि से सक्षम बन जाता है। सेवा कार्यों से मिलने वाला संतोष ही जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने सभी से जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आने का आह्वान किया। कार्यक्रम में संगीता जोशी, दुर्गा व्यास सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।




