बाबा रामदेवजी के जन्मोत्सव पर जागरण और भंडारे में उमड़ा आस्था का सैलाब

बेहरी में दो स्थानों पर हुए धार्मिक आयोजन, बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने ग्रहण की प्रसादी
बेहरी (हीरालाल गोस्वामी)। लोक देवता बाबा रामदेवजी महाराज (रामापीर) के जन्मोत्सव के अवसर पर बेहरी में दो स्थानों पर स्थित रामदेवजी मंदिरों में धार्मिक आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किए गए।
रात में जागरण का आयोजन हुआ, जिसमें बाबा रामदेवजी के भजनों से भक्तिमय वातावरण बना रहा। अगले दिन आयोजित भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
जन्मोत्सव के अवसर पर रात्रि जागरण में बाबा रामदेव भजन समिति के सदस्यों ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी। देर रात तक श्रद्धालु भजनों पर भक्ति में लीन नजर आए। मंदिर परिसर में पूरे आयोजन के दौरान धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा।

आयोजन से जुड़े रमेश बागवान, बलराम बागवान, मनोहर बागवान, बलराम दांगी, हरिनारायण बागवान, हीरालाल बागवान, गिरधारी बागवान, नानूराम बागवान सहित श्रद्धालुओं ने बताया कि बाबा रामदेवजी के जन्मोत्सव का आयोजन बेहरी में प्रतिवर्ष श्रद्धा और परंपरा के साथ किया जाता है। इस वर्ष भी सभी के सहयोग से जागरण और भंडारे का आयोजन किया गया। बाबा रामदेवजी की भक्ति और उनके प्रति आस्था लोगों को जोड़ने का काम करती है। आयोजन में आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और भंडारे में प्रसादी ग्रहण कर बाबा का आशीर्वाद लिया।
आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। धार्मिक आयोजन में बढ़-चढ़कर ग्रामीण शामिल हुए।




