सिटी बस का संचालन बिंजाना तक किया जाएं, ग्रामीणों ने की जनप्रतिनिधियों से मांग

देवास। नगर निगम द्वारा विगत दिनों विद्यार्थियों को आने-जाने में हो रही परेशानी को देखते हुए सिटी बस चलाने का निर्णय लिया गया। विधायक प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल एवं सभापति रवि जैन ने संजय नगर तक सिटी बस चलाने के निर्देश दिए थे। संजय नगर से कुछ दूरी पर बिंजाना गांव बसा है, जहां से काफी संख्या में विद्यार्थी पढ़ाई करने के लिए मैजिक से आते हैं। वार्ड 16 बिंजाना निवासी आशुतोष दुबे ने बताया कि जब सिटी बस एबी रोड संजय नगर तक चल ही रही है, तो इसे बिंजाना तक क्यों नहीं चलाया जा रहा है। बिंजाना एवं आसपास के विद्यार्थियों को 5 से 6 किमी पैदल चलकर संजय नगर जाना पड़ रहा है। इस संबंध में विधायक प्रतिनिधि श्री अग्रवाल एवं सभापति श्री जैन से भी चर्चा की गई। दोनों ने आश्वस्त किया था कि शीघ्र ही सिटी बस का संचालन बिंजाना तक किया जाएगा, लेकिन अभी तक इस संबंध में उचित निर्णय नहीं लिया गया। यदि बिंजाना तक सिटी बस चलती है तो बिंजाना एवं आसपास के रहवासियों एवं विद्यार्थियों को फायदा मिलेगा। ग्रामीणों ने बिंजाना तक सिटी बस का संचालन करने की मांग की है।




