बसंत पंचमी पर श्याम बाबा के पीले बसंती अंगवस्त्र का होगा वितरण, श्रद्धालुओं में उत्साह

भौंरासा (मनोज शुक्ला)। नेवरी फाटा पर स्थित बाबा खाटू श्याम मंदिर में बसंत पंचमी के पावन अवसर पर विशेष धार्मिक आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर श्याम बाबा का अंगवस्त्र परिवर्तन होगा।
परंपरा के अनुसार श्याम बाबा का पीला बसंती अंगवस्त्र वर्ष में केवल एक बार बसंत पंचमी के दिन ही बदला जाता है, जिसे लेकर श्रद्धालुओं में विशेष आस्था और उत्साह देखने को मिलता है।
मंदिर समिति के अनुसार 23 जनवरी को प्रातःकाल बाबा श्याम का भव्य एवं शाही अभिषेक किया जाएगा। इसके पश्चात ब्रह्ममुहूर्त में विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ बाबा का अंगवस्त्र परिवर्तन संपन्न होगा। मान्यता है कि बाबा श्याम के इस पवित्र अंगवस्त्र में अद्भुत चमत्कारिक शक्ति निहित है। श्रद्धालुओं की आस्था है कि यह अंगवस्त्र मृतप्राय को जीवनदान देने वाला तथा संतानहीन दंपत्तियों की गोद भरने वाला है।
आयोजन के अंतर्गत सुबह 7 बजे से बाबा श्याम का अनमोल पीला बसंती अंगवस्त्र एवं बाबा का खजाना श्रद्धालुओं के बीच वितरित किया जाएगा। यह वितरण 23 जनवरी को सुबह से ही प्रारंभ होगा। मंदिर समिति ने बताया कि जिसे भी आवश्यकता हो, वह श्रद्धा के साथ इसे ग्रहण कर सकता है। धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में सुबह 8.30 बजे महाआरती होगी। वहीं सायंकाल 7 बजे ज्योत दर्शन व 7.30 बजे महाआरती का आयोजन किया जाएगा। इसके पश्चात रात्रि 8 बजे से ताली कीर्तन प्रारंभ होगा, जिसमें क्षेत्र सहित आसपास के सभी भजन प्रवाहकों एवं श्रद्धालुओं को आमंत्रित किया गया है।
मंदिर परिसर को बसंती रंगों एवं पुष्पों से सजाया जाएगा। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है और बड़ी संख्या में भक्तों के पहुंचने की संभावना है। मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है, ताकि सभी भक्त सुचारू रूप से बाबा श्याम के दर्शन एवं प्रसाद लाभ प्राप्त कर सकें।




