ट्रक ने पैदल जा रहे व्यक्ति को रौंदा, मौके पर मौत

– पुलिस ने सीसीटीवी के आधार पर वाहन जब्त किया
पुंजापुरा (बाबू हनवाल)। पुंजापुरा–काटाफोड़ रोड पर शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अपने घर की ओर पैदल जा रहा एक व्यक्ति अचानक पीछे से आए ट्रक की चपेट में आ गया। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिर पड़ा और उसी ट्रक के पिछले टायर उसके सिर पर चढ़ गए, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा शुक्रवार रात करीब 10:45 बजे हुआ। कृषि उपज मंडी के सामने स्थित तौल कांटे पर ट्रक क्रमांक एमपी 09 एचएच 3140 तौल कराने के लिए जा रहा था। उसी समय पैदल जा रहे मंशाराम पुत्र लालसिंह बछानिया उम्र 52 निवासी बजरंग मोहल्ला पुंजापुरा-कांटाफोड़ मार्ग से अपने घर की ओर जा रहा था। इस बीच ट्रक ने पीछे से उसे जोरदार टक्कर मारी, जिसके बाद वह सड़क पर गिर पड़ा और पिछले टायर की चपेट में आने से उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की जानकारी सबसे पहले वहां से गुजर रहे राहगीरों को लगी। उन्होंने तुरंत डायल 112 पर फोन कर पुलिस को अवगत कराया और मृतक के परिजनों को भी सूचना दी। एम्बुलेंस उपलब्ध न होने के कारण शव को निजी वाहन से बागली के शासकीय दवाखाने ले जाया गया, जहां देर रात होने की वजह से पोस्टमार्टम नहीं हो सका। शनिवार सुबह डॉक्टरों ने पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया।
सुबह थाना प्रभारी ने किया निरीक्षण-
सूचना पर डायल 112 की टीम के प्रधान आरक्षक प्रेमसिंह टैगोर और चालक पन्नालाल जामले तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति की जानकारी थाना प्रभारी अभिषेक शुक्ला को दी। शनिवार सुबह थाना प्रभारी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा तैयार किया।
सीसीटीवी में दिखा वाहन, मंडी से बरामद-
पुलिस ने हादसे की गंभीरता को देखते हुए पास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले। फुटेज में ट्रक स्पष्ट दिखाई देने पर उसकी तलाश शुरू की गई। कुछ देर बाद वाहन कृषि उपज मंडी परिसर में खड़ा मिला। पुलिस उसे जब्त कर बागली थाने में ले आई।

एसडीओपी ने लिया घटनास्थल का जायजा-
घटना की जानकारी पर बागली एसडीओपी सृष्टि भार्गव भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और अधिकारियों को त्वरित व सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।




