बरोठा में पुलिस टीम ने सिखाए सुरक्षा, कानून और आत्मरक्षा के महत्वपूर्ण पाठ

– मुस्कान अभियान के अंतर्गत बालिकाओं में जागरूकता की नई अलख
बरोठा (अमर चौधरी)। समाज में बढ़ते अपराधों और बदलते माहौल को देखते हुए बालिकाओं में आत्मविश्वास और जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बरोठा में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
महिला सुरक्षा शाखा और पुलिस थाना बरोठा की संयुक्त टीम ने बुधवार को छात्राओं को बाल विवाह, पॉक्सो एक्ट, महिलाओं के विरुद्ध अपराध, गुड टच-बैड टच जैसे संवेदनशील विषयों पर विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा 1 से 30 नवंबर तक चलाए जा रहे विशेष मुस्कान अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात एचएन बाथम एवं उप पुलिस अधीक्षक एलआर संजय शर्मा के मार्गदर्शन में तथा डीएसपी महिला सुरक्षा बबीता बामनिया के नेतृत्व में यह जागरूकता सत्र संचालित हुआ।
थाना प्रभारी बरोठा सविता सिंह एवं महिला थाना प्रभारी देवास सुनीता कटारा ने छात्राओं को बताया कि बाल विवाह न सिर्फ अपराध है, बल्कि यह बालिकाओं के जीवन, शिक्षा और भविष्य पर गहरा असर डालता है। साथ ही पॉक्सो एक्ट के तहत बालिकाओं की सुरक्षा के लिए बनाए गए कानूनों के बारे में सरल भाषा में समझाया गया।
अधिकारियों ने छात्राओं को गुड टच और बैड टच की पहचान, खतरे की स्थिति में तुरंत क्या कदम उठाए जाएं, और आत्मविश्वास के साथ खुद को सुरक्षित रखने के तरीकों की जानकारी भी दी। इसके अलावा हेल्पलाइन नंबर 1090, डायल 112 व अन्य महत्वपूर्ण सेवाओं के उपयोग पर भी जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में मौजूद लगभग 150 बालक एवं बालिकाओं को थाना प्रभारी द्वारा एक-एक पेन भेंट की गई। उन्होंने कहा कि “कलम की ताकत सबसे बड़ी ताकत है। पढ़ाई को अपना हथियार बनाएं और हमेशा सतर्क रहें।”
विद्यालय की प्राचार्य ने पुलिस टीम के इस प्रयास की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया तथा छात्राओं से प्राप्त ज्ञान को जीवन में अपनाने का आग्रह किया।




