ग्राम पंचायत सचिव हुकमसिंह मंडलोई की सेवानिवृत्ति पर किया सम्मान

29 वर्ष 9 माह तक विभिन्न पंचायतों में दी सेवाएं, ग्रामवासियों ने की कार्यों की सराहना
सिरोल्या (अमर चौधरी)। ग्राम पंचायत मोरूखेड़ी के सचिव हुकमसिंह मंडलोई की सेवानिवृत्ति के अवसर पर शनिवार को गांव की धर्मशाला में भावपूर्ण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पंचायत कर्मचारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।
जनप्रतिनिधियों ने सचिव मंडलोई का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया। उन्हें साफा बांधकर और उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। उपस्थितजनों ने उनके पंचायत कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि मंडलोई ने ईमानदारी और निष्ठा से सेवा दी है।

सचिव हुकमसिंह मंडलोई ने करीब 30 वर्षों तक विभिन्न पंचायतों में सेवाएं दीं। इस दौरान उन्होंने पंचायतों में विकास कार्यों को गति दी और सरकारी योजनाओं को ईमानदारी से लागू किया। ग्रामीणों ने कहा कि उनकी कार्यशैली हमेशा सरल, पारदर्शी और मिलनसार रही।
सेवानिवृत्ति पर भावुक होते हुए हुकमसिंह मंडलोई ने कहा, कि मैंने अपने जीवन के सर्वश्रेष्ठ 29 वर्ष 9 माह ग्राम पंचायत की सेवा में लगाए। यह मेरा सौभाग्य है, कि मुझे इतने वर्षों तक जनता और जनप्रतिनिधियों का सहयोग मिला। मैंने हमेशा यही प्रयास किया कि गांव के विकास और गरीबों की भलाई में कोई कमी न रहे। आज आप सभी का स्नेह और सम्मान मेरे लिए सबसे बड़ी उपलब्धि है।
ग्रामीणों ने कहा, कि सचिव मंडलोई ने हमेशा निष्पक्षता और ईमानदारी से कार्य किया। गांव की हर समस्या को अपनी समस्या मानकर समाधान करने का प्रयास किया। इनके कार्यकाल को हम हमेशा याद रखेंगे।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक मनोज चौधरी, भाजपा मंडल अध्यक्ष जगदीश चौधरी, सरपंच प्रतिनिधि विनोद चौधरी, सचिव भगवानसिंह चौधरी, कन्हैयालाल पटेल, पूर्व जपं सदस्य मुकेश चौधरी, अमर चौधरी, आनंद पटेल, रमेशचंद्र मंडलोई, एवन चौधरी, सिकंदर पटेल, सुभाष चौधरी, भगवानसिंह परिहार, सुमित पटेल, नवीन चौधरी सहित आसपास के सरपंच, जनपद सदस्य, सचिव, ग्राम रोजगार सहायक एवं ग्रामवासी उपस्थित थे।




