भौंरासा में विधायक जयवर्धन सिंह ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना

बारिश से खराब हुई सोयाबीन फसल के सर्वे, मुआवजे व बीमा राशि की मांग
भौंरासा (मनोज शुक्ला)। पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक तथा गुना जिला कांग्रेस अध्यक्ष जयवर्धन सिंह शुक्रवार को भोपाल से उज्जैन किसान न्याय यात्रा में जाते समय भौंरासा पहुंचे। यहां उनका स्वागत युवा कांग्रेस नेता इरफान मदनी के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर स्थानीय नेताओं और किसानों ने उन्हें सोयाबीन की नष्ट हुई फसल और सर्वे की कमी से अवगत कराया।
जयवर्धन सिंह ने कहा, कि इस वर्ष मध्यप्रदेश में अतिवृष्टि के कारण विभिन्न संभागों में भारी नुकसान हुआ है। विशेषकर मालवा क्षेत्र में सोयाबीन की फसल लगभग नष्ट हो गई है, जिससे किसानों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। इसके बावजूद अब तक शासन की ओर से कोई लिखित निर्देश सर्वे के लिए जारी नहीं किए गए हैं। उन्होंने मांग की कि सरकार तुरंत देवास कलेक्टर को आदेश दे और हर पंचायत में संगठित दल व पटवारी जाकर खेतों का सर्वे कराएं, ताकि किसानों को उनकी नष्ट फसल का उचित मुआवजा मिल सके।
फसल बीमा योजना पर निशाना साधते हुए सिंह ने कहा कि किसानों से बीते दस वर्षों में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 40,000 करोड़ रुपये प्रीमियम के रूप में वसूले गए, जबकि बदले में किसानों को केवल 5 से 10 हजार करोड़ रुपये ही मिले। इसका अर्थ है कि लगभग 30,000 करोड़ रुपये निजी बीमा कंपनियों ने हड़प लिए। यह योजना किसानों के साथ धोखा साबित हो रही है।
इस अवसर पर पूर्व सेवा सहकारी संस्था अध्यक्ष विजय सिंह ठाकुर, प्रेस क्लब अध्यक्ष मनोज शुक्ला, पत्रकार अभय नागर, पार्षद अफजल मंसूरी, फजल उस्ताद, जुनेद खान, सैयद बाकर अली, अनवर पठान, तंजीम खान, शाकिर पठान, प्रवीण ठाकुर, सलमान पठान, सद्दाम ठेकेदार, जम्मू जागीरदार, अर्शिल शेख, इरशाद खान, फुरकान मदनी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन व स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।



