अनंत चतुर्दशी पर शहरवासियों की उमड़ी भीड़, निगम ने दिया स्वच्छता का अनोखा संदेश
देवास। दस दिवसीय गणेशोत्सव का समापन अनंत चतुर्दशी को नगर निगम देवास की भव्य आयोजन शैली के साथ हुआ। निगम कार्यालय में विराजित भगवान श्री गणेश की विधि-विधान से महाआरती नगर निगम सभापति रवि जैन के द्वारा की गई, जिसमें जनप्रतिनिधि, निगम अधिकारी, कर्मचारी और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
महाआरती के बाद भगवान श्री गणेश जी की प्रतिमा को विधिपूर्वक निगम के वाहन में विराजित कर नगर भ्रमण के लिए रवाना किया गया। इसी अवसर पर नगर निगम द्वारा स्वच्छता के संदेश के लिए विशेष “स्वच्छता रथ” भी निकाला गया, जिसमें राष्ट्रपति द्वारा देवास को 50 हजार से 3 लाख की जनसंख्या वाले शहरों में पूरे देश में प्रथम स्थान का पुरस्कार मिलने की उपलब्धि को गर्व से प्रदर्शित किया गया। रथ पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के साथ नागरिकों को स्वच्छता का संदेश दिया गया, जो आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा।

दो नयनाभिराम झांकियां बनीं आकर्षण का केंद्र-
निगम द्वारा नयनाभिराम झांकियों का भी शहरवासियों के लिए विशेष प्रदर्शन किया गया, जिन्हें देखने के लिए नागरिकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
पहली झांकी- “काशी के कोतवाल भगवान श्री काल भैरव” के दिव्य रूप को प्रदर्शित करती हुई शानदार झांकी सजाई गई, जिसमें भगवान काल भैरव की अलौकिक भव्यता, काशी की आस्था और धार्मिक वातावरण को जीवंत किया गया।
दूसरी झांकी- “नंद बाबा कन्हैया को यमुना पार कराते हुए” प्रसंग पर आधारित थी, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण, नंद बाबा और गोकुलवासियों की भावनात्मक झलक को अद्भुत कलात्मकता के साथ दर्शाया गया। दोनों झांकियां रंग-बिरंगी रोशनी, आकर्षक साज-सज्जा और शानदार कलात्मक प्रस्तुति के कारण शहरवासियों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र बनीं।

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद-
इस अवसर पर नगर निगम स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष एवं गणेशोत्सव समिति अध्यक्ष धर्मेंद्रसिंह बैस, लोक निर्माण समिति अध्यक्ष एवं गणेशोत्सव समिति उपाध्यक्ष गणेश पटेल, पार्षद राहुल दायमा, महेश फुलेरी, भूपेश ठाकुर, सोनू परमार, पार्षद प्रतिनिधि बाबू यादव, निगम सहायक यंत्री सौरभ त्रिपाठी, स्वास्थ्य अधिकारी जितेंद्र सिसोदिया, निगम कार्यालय अधीक्षक अशोक देशमुख, राजस्व अधिकारी राम ठाकुर, उपयंत्री श्याम सुंदर रघुवंशी, सूर्यप्रकाश तिवारी, प्रतीक शर्मा, विकास शर्मा, उमेश चतुर्वेदी, अरुण तोमर, ताराचंद चौधरी, शैलेंद्रसिह परिहार, कैलाश नायक, विशाल शर्मा, शंकर सांगते आदि उपस्थित रहे।
नागरिकों ने की झांकियों और रथ की सराहना-
शहरवासियों ने निगम द्वारा तैयार की गई भव्य झांकियों और स्वच्छता संदेश के रथ की जमकर सराहना की। झांकियों की भव्यता, धार्मिकता और कलात्मक प्रस्तुति के साथ-साथ स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश नागरिकों को आकर्षित करता रहा।





